Pappu Yadav News: 'मुझे मारने की साजिश रच रही Bihar Police', आधी रात गिरफ्तारी से होने वाला बड़ा खेला?
Pappu Yadav News: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को बिहार की पटना पुलिस ने शुक्रवार (6 फरवरी 2026) देर रात 12 बजे गिरफ्तार कर लिया। पप्पू यादव ने आरोप लगाते हुए दावा किया है कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के बहाने उनकी जान लेने की साजिश रच रही है। यह विवाद नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले से जुड़ा हुआ है, जिसमें पप्पू यादव लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। यादव का कहना है कि पुलिस का यह कदम उनकी आवाज दबाने की कोशिश है, लेकिन वे झुकने वाले नहीं हैं।
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स व फेसबुक पर एक वीडियो और कई पोस्ट साझा किए, जिसमें उन्होंने रात के समय पुलिस की कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली से पटना लौटते ही रात करीब 11 बजे सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की।

यादव ने एक पुलिसकर्मी का जिक्र करते हुए कहा, 'यह रेड जैकेट पहने हुए खुद को इंस्पेक्टर दीपक बता रहे हैं, कमर में पिस्टल बांधे हुए। अगर ये पुलिस हैं, तो बताएं कि कौन सा कानून रात के समय सिविल ड्रेस में एक लोकसभा सदस्य को अपराधी की तरह गिरफ्तार करने की इजाजत देता है?'
यादव ने यह भी दावा किया कि यह कार्रवाई 35 साल पुराने एक मामले से जुड़ी है, जिसमें उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी थी। उन्होंने कहा, 'कोर्ट ने मुझे बुलाया था और मैं सदन की कार्यवाही खत्म होते ही पटना पहुंचा हूं। लेकिन पुलिस आधी रात को दल-बल के साथ पहुंच गई। यह साफ तौर पर मुझे मारने की साजिश है। एक सांसद की जान खतरे में है, बिहार पुलिस कुछ भी कर सकती है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुरक्षा की मांग करता हूं।'
NEET छात्रा मामले से जुड़ा विवाद क्या?
यह पूरा मामला हाल ही में पटना में एक नीट छात्रा की संदिग्ध मौत से जुड़ा हुआ है। जनवरी 2026 में छात्रा की मौत को पप्पू यादव ने हत्या और यौन शोषण का मामला बताते हुए बिहार सरकार और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया था। उन्होंने संसद के बाहर धरना दिया और एक नर्स का ऑडियो जारी किया, जिसमें छात्रा के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी। यादव का आरोप है कि मामले में एक मंत्री के बेटे की संलिप्तता है और पुलिस प्रभावशाली लोगों को बचा रही है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'हम नीट छात्रा के न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, इससे बिहार पुलिस के पेट में दर्द हो गया। लेकिन पप्पू यादव न झुकेगा, न चुप होगा। बेईमानों की करतूतों को बेनकाब करके रहेंगे। जेल भेजो या फांसी दो, पप्पू रुकेगा नहीं।'
पुलिस का पक्ष क्या?
बिहार पुलिस ने अभी तक इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि यह पुराने मामले में कोर्ट के आदेश का पालन करने की कार्रवाई थी। जनवरी 2026 में पटना हाई कोर्ट में एक सुनवाई हुई थी, जिसमें यादव को पेश होने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन यादव इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं।
राजनीतिक हलचल क्या?
इस घटना ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने भी नीट मामले में नीतीश सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। पप्पू यादव की मांग है कि नीट मामले की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट की निगरानी में हो। उन्होंने कहा, 'यह बड़ा खेला है, जहां सत्ता के लोग अपराध को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।'
पप्पू यादव की यह लड़ाई नीट छात्रों के न्याय से जुड़ी है, लेकिन अब यह उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा का मुद्दा भी बन गई है। मामले की जांच जारी है, और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications