बिहार में INDIA गठबंधन में हुआ सीटों का बंटवारा, किस पार्टी के खाते में गई कौन सी सीट? देखें पूरी लिस्ट
lok sabha chunav 2024: विपक्षी इंडिया ब्लॉक ने बिहार में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सीट-बंटवारे के समझौते पर मुहर लगा दी है। आरजेडी पूर्णिया और हाजीपुर समेत 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस किशनगंज और पटना साहिब सहित नौ सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि वाम दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
बिहार में 40 लोकसभा सीटों के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत में पूर्णिया और कटिहार सीटों के लेकर काफी समय से अटकी हुई थीं। काफी माथापच्ची के बाद राजद इन सीटों को अपने पास रखने में सफल रही। ये दोनों सीटें वर्तमान में जनता दल (यूनाइटेड) के पास हैं।

राजद के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि, कटिहार सीट को लेकर अभी भी कुछ मुद्दे हैं, जो कांग्रेस अपने खाते में चाहती है। इसी तरह राजद पूर्णिया सीट से लड़ने की इच्छुक है, जबकि कांग्रेस इसे पप्पू यादव को देने के लिए बातचीत कर रही है। हमारी पार्टी कांग्रेस को आठ से नौ सीटें आवंटित करने के लिए तैयार है, लेकिन हम पूर्णिया पर अपना दावा नहीं छोड़ सकते हैं।
बिहार में सीट शेयरिंग का ऐलान राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा उनकी पार्टी और कांग्रेस के बीच तनाव के दावों को खारिज करने के कुछ दिनों बाद किया गया है। बता दें कि तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है और इस संबंध में जल्द ही पटना में घोषणा की जाएगी। जिसके बाद आज सीट शेयरिंग का ऐलान किया गया।
आरजेडी इन 26 सीटों पर लड़ेगी-
औरंगाबाद, गया, जमुई, नवादा, सारण, पाटलिपुत्र, बक्सर, उजियारपुर, जहानाबाद, दरभंगा, बांका, अररिया, मुंगेर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, मधुबनी, सीवान, शिवहर, वैशाली, हाजीपुर, सुपौल, वाल्मिकीनगर, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज
कांग्रेस इन 9 सीटों पर लड़ेगी चुनाव-
किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, पटना साहिब, सासाराम, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, महाराजगंज
वाम दलों को मिलीं ये 5 सीटें -
भाकपा-माले (लिबरेशन) को 3 सीट- आरा, काराकाट, नालंदा
सीपीआई को बेगूसराय
सीपीएम को खगड़िया की सीट मिली है।
तेजस्वी के बयान के बाद हुआ सीट शेयरिंग का ऐलान-
तेजस्वी ने मंगलवार को कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के आवास पर बिहार के सीट-बंटवारे के फॉर्मूले को लेकर इंडिया ब्लॉक की बैठक में भाग लिया था। बैठक के बाद में उन्होंने कहा कि राजद, कांग्रेस और वाम दल बिहार में एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक के साझेदार सीट-बंटवारे की व्यवस्था पर मौखिक रूप से सहमत हो गए हैं और सभी घटकों को एक सम्मानजनक डील मिली है।
उनकी यह टिप्पणी बिहार में सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन में बेचैनी की खबरों के बीच आई थी। ऐसी खबरें सामने आई थीं कि, कांग्रेस बिहार में चुनाव लड़ने में रुचि रखने वाली कुछ सीटों पर राजद द्वारा उम्मीदवारों की "एकतरफा" घोषणा से नाराज थी।
2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा, जद (यू) और एलजेपी ने एनडीए गठबंधन ने 39 सीटें जीती थीं। पिछली लोकसभा चुनाव में लालू की पार्टी RJD 19 और कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। लेफ्ट ने अलग होकर 6 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे।
पहले चरण में राजद के इन उम्मीदवारों ने किया नामाकंन-
लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है और गुरुवार को बिहार की उन चार सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था जहां इस चरण में मतदान होना है। राजद ने पहले ही बिहार में सात सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। गुरुवार को गया (सु) सीट के लिए राजद के उम्मीदवार पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत ने, नवादा से श्रवण कुमार (कुशवाहा) ने, जमुई से राजद प्रत्याशी अर्चना रविदास ने और औरंगाबाद से राजद के अभय कुशवाहा ने नामांकन किया।












Click it and Unblock the Notifications