बिहारः चुनावी नतीजों के बाद पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, अपने विधायकों के साथ कर रहे हैं बैठक
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव में आए नतीजों के बाद पहली बार जेडीयू के प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। जहां नीतीश कुमार तमाम नवनिर्वाचित विधायकों के साथ मीटिंग कर रहे हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार को बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके साथ ही बिहार में सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
Recommended Video

बैठक में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी भााग ले रहे हैं। इसके पहले बीजेपी नेता सीएम आवास पहुंचे थे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। दोनों दल के नेताओं के बीच आगामी सरकार गठन पर मंथन हुआ था। बीजेपी नेताओं के साथ मीटिंग के बाद सीएम नीतीश कुमार जेडीयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे है।
नीतीश कुमार अपने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग कर रहे। इस बार के विधानसभा चुनाव में एनडीए को बढ़त मिली है। हालांकि एनडीए में जेडीयू छोटे भाई की भूमिका में हो गई है। जेडीयू को सिर्फ 43 सीटें मिली है वहीं सहयोगी बीजेपी के खाते में 74 सीटें। वही महागठबंधन की बात करें तो राजद को 75 सीटें और कांग्रेस को 19 सीटें मिली हैं।
पटना में गुरुवार को राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर राजद के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में तेजस्वी यादव को महागठबंधन दल का नेता चुना गया। इसके अलावा पूर्व सीएम और हम प्रमुख जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की बैठक मांझी के नेतृत्व में हुई।
अपने विधायकों के साथ बैठक करने के बाद बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान मांझी के साथ उनकी पार्टी के चारों विधायक भी मौजूद रहे। मांझी ने नीतीश कुमार से मिलकर उनको अपना समर्थन पत्र सौंपा।












Click it and Unblock the Notifications