नीतीश सरकार खरीदेगी विमान-हेलीकॉप्टर, भाजपा बोली- इसका इस्तेमाल 2024 में पीएम मोदी के खिलाफ होगा
बिहार में नीतीश कुमार सरकार ने हेलीकॉप्टर-जेट विमान को खरीदने की दी अनुमति। नीतीश सरकार के फैसले के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।

बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए हेलीकॉप्टर और विमान खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस विमान और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल वीआई और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए किया जाएगा। बिहार सरकार के नगर विमानन निदेशालय की ओर से इस बाबत एक प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसपर नीतीश कुमार की सरकार ने मुहर लगादी है। बता दें कि मौजूदा समय में बिहार सरकार के पास किंग एयर सी-90 ए/बी विमान व वीटी-ईबीजी हेलीकॉप्टर है। बिहार सरकार के इस फैसले के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।
2024 में मोदी के खिलाफ होगा इस्तेमाल
भाजाप नेता सुशील मोदी ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार सरकार का हेलीकॉप्टर और विमान खरीदने की अनुमति देने का फैसला अनुचित है। राज्य सरकार इसे खरीदती नहीं है बल्कि लीज पर लेती है। लेकिन तेजस्वी यादव को लगता है कि वह बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे, यही वजह है कि जेट प्लेन और हेलीकॉप्टर को उनके दबाव में खरीदा जा रहा है। यही नहीं सुशील मोदी ने कहा कि प्रदेश सरकार को अपने फैसले पर फिर से विचार करना चाहिए। ऐसा लगता है कि जेट प्लेन और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल 2024 में देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव प्रचार करने के लिए किया जाएगा।
तीन महीने में खरीददारी की प्रक्रिया होगी शुरू
बता दें कि विमान और हेलीकॉप्टर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसकी खरीद के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है जोकि खरीद से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर अपनी एक रिपोर्ट तीन महीने के भीतर पेश करेगी। इसके बाद विमान खरीदने के लिए ऑर्डर जारी किया जाएगा। कैबिनेट की बैठक के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव एस सिद्धार्ध ने बताया कि कैबिनेट ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक हाई लेवल कमेटी के गठन की मंजूरी दी है। जो विमान खरीदने के लिए अपनी रिपोर्ट देगी। कमेटी जेट इंजन प्लेन जिसकी क्षमता 10+2 सीटर होगी उसकी खरीद के लिए अपनी रिपोरट् देगी।
मुआवजा देने के लिए पैसा नहीं, लेकिन हेलीकॉप्टर खरीदेंगे
भाजपा प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी कर रहे हैं, वह चुनाव के दौरान अपनी आवाजाही में सुविधा के लिए इस विमान को टैक्सपेयर्स के पैसे से खरीदने जा रहे हैं। यह करदाताओं के पैसे की बर्बादी है। अपनी सहूलियत के हिसाब से नीतीश कुमार ने सरकारी खर्च पर इस विमान को खरीदने का फैसला लिया है। इस सरकार के पास छपरा में जहरीली शराब पीने से मारे गए लोगों के परिजनों को देने के लिए पैसा नहीं है लेकिन हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए पैसा है।












Click it and Unblock the Notifications