23 जून को इस पार्टी में शामिल होंगे Manish Kashyap, चंपारण जिले के इस सीट से लड़ेंगे बिहार चुनाव
Manish Kashyap joins Jansuraj: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां तेज़, राजनीति का पारा चढ़ा हुआ है। इसी बीच एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला गया है, जो चुनावी माहौल को और गर्मा सकता है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पूर्व बीजेपी नेता मनीष कश्यप अब नए राजनीतिक सफर पर निकलने जा रहे हैं। बिहार के मशहूर रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी 'जनसुराज' का दामन मनीष कश्यप 23 जून को थामेंगे।
बता दें कि, मनीष कश्यप ने कुछ दिन पहले ही बीजेपी से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि, मनीष कश्यप जल्द ही प्रशांत किशोर की पार्टी में शामिल होंगे। वे लगातार जनसुराज के नेताओं से मुलाकात कर रहे थे।

PMCH में मारपीट के बाद छोड़ दी थी BJP
पिछले दिनों मनीष कश्यप के साथ पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH) में मारपीट हुई थी। 19 मई 2025 को मरीज की मदद के लिए अस्पताल पहुंचे मनीष कश्यप ने वहां की खराब व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए, जिसके चलते उनकी महिला जूनियर डॉक्टरों से तीखी बहस हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर पिटाई की और उनका वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस घटना के बाद मनीष कश्यप को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद मनीष कश्यप ने अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ जो कुछ हुआ, वह आम जनता की बेइज्जती के समान है। उन्होंने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा, 'कान खोलकर सुन लो मंगल पांडेय, मेरे दिल की पुकार तुम्हें ले डूबेगी।' इसी विवाद के बाद मनीष कश्यप ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था।
ये भी पढ़ें Bihar Politics: BJP छोड़कर जनता की अदालत में पहुंचे Manish Kashyap, क्या बदल सकता है बिहार का सियासी समीकरण?
इस सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
मनीष कश्यप, जो 2020 में पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया विधानसभा (Chanpatia) क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं, अब आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में फिर से इसी सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हाल ही में उनकी चनपटिया क्षेत्र में लोगों से माफी मांगते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जो इस बात का संकेत हैं कि वे इस बार चुनाव की पूरी तैयारी कर रहे हैं। खबर है कि मनीष कश्यप इस बार जनसुराज पार्टी से चनपटिया सीट पर चुनाव लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications