बिहारः पत्नी से झगड़ा कर रही मां को बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला, जमीन बनी मौत की वजह
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गांव में मां-बेटे के रिश्ते को तार-तार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है, जहां केवल आधा कट्ठा जमीन के बंटवारे को लेकर सास-बहू में चल रहा विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने मां को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। वहीं पूछताछ के लिए आरोपी की पत्नी को भी हिरासत में लिया है।

मृतक हरि मंडल की 60 वर्षीया पत्नी सीता देवी का अपने बड़े बेटे राजेश मंडल और उसकी पत्नी के साथ आंगन की घेराबंदी को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि धीरे-धीरे मां-बेटे के बीच तेज नोंक-झोंक शुरू हो गई और आंगन में रखी लाठी से पीट-पीटकर बेटे ने बूढ़ी मां को मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली इस घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची बिस्फी थाने की पुलिस ने मृतिका सीता देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं आरोपी राजेश मंडल को गिरफ्तार करने के साथ ही उसकी पत्नी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक मामूली विवाद में अपनी मां की हत्या करने वाला आरोपी राजेश मंडल कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। इससे पहले वो दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था लेकिन कोरोना संकट के चलते दिल्ली में कामकाज नहीं मिलने पर वो गांव लौट आया था। बताया जा रहा है कि राजेश मंडल के दिल्ली में रहने के दौरान भी उसकी पत्नी और मां के बीच आंगन के बंटवारे को लेकर विवाद होता रहता था।
आखिरकार ये विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने मां की हत्या कर दी। मृतका की बेटी और छोटे बेटे ने इस सनसनीखेज वारदात के पीछे आरोपी की पत्नी का भी हाथ होने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस ने इन आरोपों के मद्देनजर राजेश मंडल को जहां गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी की पत्नी को भी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications