बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3 हजार पार, मधुबनी के डीएम भी COVID-19 पॉजिटिव
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 3 हजार पार कर गई है। बुधवार को कोरोना के 38 नए मरीज मिले। इसमें अररिया के 14, मधेपुरा के 9, सारण-दरभंगा के 4-4, सहरसा के 3, बेगूसराय के 2 और वैशाली-किशनगंज के एक-एक मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 3006 पहुंच गई। मधुबनी के डीएम भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। डीएम की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब जिला समाहरणालय समेत अनुमंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट होगा।

जिला आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से जारी लेटर में कहा गया है कि मधुबनी जिले में विगत दिनों से कोरोना संक्रमण में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके लिए समाहरणालय मधुबनी एवं अनुमंडल कार्यालय, सदर मधुबनी में कार्यरत सभी पदाधिकारी और कर्मचारी की भी कोरोना जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बता दें, बिहार में पिछले एक सप्ताह में कोरोना का रिकवरी रेट तीन प्रतिशत गिर गया है। राज्य का रिकवरी रेट 24.91 प्रतिशत है। अब तक 749 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। 2243 केस अभी एक्टिव हैं। बाहर से लौटे 1900 से ज्यादा प्रवासी मजदूर संक्रमित हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि राज्य में अब बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर आ चुके हैं और उनके आने का सिलसिला अभी भी जारी है। इनमें काफी लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी जिलों के आइसोलेशन वॉर्ड में बेडों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कोरोना अस्पतालों में भी बेडों की संख्या बढ़ाते हुए पूरी तैयारी रखी जाए।












Click it and Unblock the Notifications