क्या Nitish Kumar यूपी की फूलपुर लोकसभा सीट से लड़ सकते हैं चुनाव? JDU के मंत्री श्रवण कुमार ने कही ये बात
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में सत्तारूढ़ दल BJP के विजय रथ को रोकने के लिए विपक्षी पार्टियों ने हाथ मिला लिया है और अपने गठबंधन को I.N.D.I.A. नाम दिया हैं। अब INDIA और NDA में टक्कर देखने को मिलेगी। इस बीच ऐसी खबर आ रही है कि बिहार के मुख्यमंत्री और विपक्षी एकजुटता के सूत्रधार नीतीश कुमार (Nitish Kumar) उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनता दल युनाइटेड ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को 2024 के चुनाव में PM फेस के तौर पर पेश करने की रणनीति पर अमल करना शुरू कर दिया है। पार्टी के रणनीतिकारों ने नीतीश कुमार को यूपी की 3 लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। हालांकि, नीतीश कुमार के फूलपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा सबसे ज्यादा है।

फूलपुर की लोकसभा सीट से भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू सांसद हुआ करते थे। तो वहीं, अब बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार के ताजा बयान से नीतीश कुमार के फूलपुर सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों को और हवा मिल गई है। TOI की खबर के मुताबिक, श्रवण कुमार से जब पूछा गया कि नीतीश कुमार क्या उत्तर प्रदेश के फूलपुर से लोकसभा चुनाव में उतरेंगे? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ये सब बातें जो मीडिया में, मार्केट में जो बातें चलाई जा रही है वह भ्रामक है।
नीतीश कुमार कोई तैयारी नहीं कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के जेडीयू के कार्यकर्ता और वहां के लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ें। कहा कि यह तो पार्टी तय करेगी कि मुख्यमंत्री कहां से चुनाव लड़ेंगे या नहीं लड़ेंगे। यह कोई बहस का मुद्दा नहीं है, लेकिन लोग डिमांड कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फूलपुर या प्रतापगढ़ से चुनाव लड़ें। कई क्षेत्र हैं जिसको लेकर उत्तर प्रदेश में चर्चा हो रही है।
नीतीश कुमार के बिहार में किए गए काम को देखकर दलित और पिछड़े समाज के लोग नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश में चाह रहे हैं। खबरों के मुताबिक, नीतीश कुमार के लिए लोकसभा चुनाव में जमीन तैयार करने का जिम्मा श्रवण कुमार को ही सौंपा गया है। ऐसी चर्चा है कि हाल ही में बिहार सरकार के मंत्री और उत्तर प्रदेश के जेडीयू प्रभारी श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार और एमएलसी संजय सिंह ने फूलपुर का दौरा किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रवण कुमार ने उत्तर प्रदेश में जितने भी पार्टी के सम्मेलन किए है उनमें से ज्यादातर सम्मेलन फूलपुर में हुए हैं। खबरों के मुताबिक, श्रवण कुमार को चुनाव मैनजमेंट का काफी लंबा अनुभव रहा है। नीतीश कुमार ने जब नालंदा से आखिरी बार लोकसभा का चुनाव लड़ा था तब भी श्रवण कुमार ने ही उनके चुनाव मैनेजमेंट की कमान संभाली थी।
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले 19 सालों से कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री तो हैं, लेकिन उन्होंने कभी विधानसभा का चुनाव सीएम रहते नहीं लड़ा। ऐसे में यह सवाल उठाना लाजमी है कि क्या नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनाव 2024 को वाकई लड़ने का मन बनाया हैं?












Click it and Unblock the Notifications