लालू प्रसाद ने मुलायम सिंह यादव से की मुलाकात, अखिलेश यादव ने शेयर की फोटो
पटना। सोमवार को नई दिल्ली में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्विटर पर साझा की। बता दें कि मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को संसद सत्र में भाग लिया है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने जो फोटो शेयर की है, उसमें मुलायम सिंह यादव और लालू प्रसाद यादव चाय पीते हुए नजर आ रहे हैं।
Recommended Video

वहीं इस मुलाकात के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट किया। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि देश के वरिष्ठतम समाजवादी साथी आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। खेत-खलिहान,ग़ैर-बराबरी, अशिक्षा, किसानों, गरीबों व बेरोजगारों के लिए हमारी सांझी चिंताएँ और लड़ाई है। आज देश को पूंजीवाद और सम्प्रदायवाद नहीं बल्कि लोकसमता एवं समाजवाद की अत्यंत आवश्यकता है।
अखिलेश यादव के ट्विटर हैंडल से शेयर की गई तस्वीर को देखें तो एक में लालू यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव से हाथ मिलाते हुए नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में अखिलेश यादव भी दिख रहे हैं। तीनों नेता चाय पीते और बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच एक और तस्वीर सामने आई है जिसमें लालू यादव और मुलायम सिंह यादव दोनों ही एक दूसरे को हाथ जोड़कर अभिवादन करते दिख रहे हैं।
बता दें कि चारा घोटाला मामले में जमानत पर बाहर आए लालू प्रसाद यादव अभी नई दिल्ली में ही अपनी बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पर रुके हुए हैं। हाल ही में उन्होंने मुलाकात शुरू की है। कुछ दिन पूर्व एनसीपी प्रमुख शरद पवार से भी लालू प्रसाद यादव ने मुलाकात की थी। वहीं मुलायम सिंह यादव से पहले समाजवादी पार्टी के ही नेता रामगोपाल यादव से भी लालू प्रसाद यादव ने मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications