बिहारः लखीसराय में दो पत्नियों ने मिलकर पति को खूब पीटा, मिटाया मांग का सिंदूर और तोड़ दिया मंगलसूत्र
लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को दूसरी शादी करना काफी महंगा पड़ गया। युवक की पहली और दूसरी पत्नी ने मिलकर उसकी झाड़ू और चप्पल से जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि युवक पहले से शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी थी। फिर भी उसने दूसरी शादी रचा ली। आरोपित युवक रुपेश कुमार जब अपनी दूसरी पत्नी को लेकर घर पहुंचा तो उसने पहली पत्नी से स्वागत करने को कहा। इस दौरान पत्नी गुस्सा हो गई और अपने भाइयों को बुला लिया। फिर सबने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।

इस दौरान रुपेश की दूसरी पत्नी ने भी पीटना शुरू कर दिया। घटना के वक्त मौजूद किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि रुपेश की पहली शादी तीन साल पहले हुई थी, जिससे उसकी एक बेटी भी है। इसके बावजूद रुपेश ने दूसरी शादी की। रुपेश ने मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के वाहाचौकी गांव में खुद को कुंवारा बताकर नई दुल्हन को अपने साथ गांव ले गया।
इसके बाद जब नई दुल्हन को पता चला कि उसके पति ने उसके साथ धोखा किया है तो उसने भी साथ रहने से इनकार कर दिया और अपने मांग में लगे सिंदूर को मिटाकर मंगलसूत्र भी तोड़ दिया। वहीं इस मामले की पुष्टि करते हुए मेदनीचक थानाध्यक्ष रूबी कश्यप ने बताया कि बीते 21 मई को रूपेश नाम के शख्स ने दूसरी शादी की थी। फिर जब दूसरी पत्नी को पति की पहली पत्नी के बारे में जानकारी मिली तो उसने परिजनों को बुला लिया। फिर सभी ने मिलकर रुपेश की पिटाई की।












Click it and Unblock the Notifications