Bihar Election Results: चुनाव में हार के बाद इस उम्मीदवार ने शुरू की कोचिंग, फ्री में IIT की कराएंगे तैयारी
KC Sinha Online Coaching Bihar: पटना की चर्चित कुम्हरार विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार और प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा चुनाव हार गए, जिसके बाद उनकी हार की चर्चा राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक जारी है। हालांकि, उन्होंने परिणामों से निराश होने के बजाय एक बड़ा ऐलान कर सबका ध्यान खींचा है।
केसी सिन्हा ने कहा कि वे चुनाव के बाद भी अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता जारी रखेंगे और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि वे अब छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग प्रदान करेंगे, ताकि पढ़ाई जरूरतमंदों तक आसानी से पहुंच सके।

Video शेयर करते हुए केसी सिन्हा ने क्या कहा?
प्रशांत किशोर के गुरु केसी सिन्हा ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'साथियों, पिछले दो-तीन दिनों से मिल रहे आपके अपार स्नेह से मैं अभिभूत हूं। यह सम्मान और स्नेह किसी भी जीत-हार से ऊपर है। मैंने शुरू से कहा है कि चाहे राजनीतिक क्षेत्र हो या मेरा अपना कार्यक्षेत्र, शिक्षा के माध्यम से मैं बिहार की सेवा करता रहूंगा। मुझे आज आपको बताने में अपार खुशी हो रही है कि बिहार के बच्चों के लिए निशुल्क ऑनलाइन क्लास की व्यवस्था पर मैंने काम शुरू कर दिया है। जल्दी ही आपसे इसकी विस्तृत जानकारी साझा करूंगा। मेरा संकल्प है कि बिहार के बच्चे पढ़ें और आगे बढ़ें। आपके समर्थन और सहयोग के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।'
ये भी पढे़ं: Bihar Caste wise MLA: बिहार में किस जाति के बने सबसे ज़्यादा MLA? MY समीकरण टूटा! देखें चौंकाने वाले आंकड़े
85 हजार वोटों से हारे केसी सिन्हा
कुम्हरार विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार और प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा को करारी हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी प्रत्याशी संजय कुमार ने उन्हें भारी अंतर से पीछे छोड़ दिया। परिणामों के अनुसार, संजय कुमार को कुल 1,00,485 वोट मिले, जबकि केसी सिन्हा केवल 15,017 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के उम्मीदवार इंद्रदीप कुमार 52,961 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, संजय कुमार ने केसी सिन्हा को बड़े अंतर 85,468 वोटों से हराया और कुम्हरार सीट पर निर्णायक जीत दर्ज की।
प्रशांत किशोर को लगा बड़ा चुनावी झटका
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बार-बार कहा था कि उनकी पार्टी या तो अर्श पर होगी या फ़र्श पर। लेकिन नतीजों ने उनके इस बयान को कड़वी सच्चाई में बदल दिया। किशोर की भविष्यवाणी कि जद(यू) 25 से अधिक सीटें नहीं जीतेगी भी गलत साबित हुई, जबकि उनकी अपनी पार्टी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। जन सुराज के लिए यह चुनावी सफर उम्मीदों से बिल्कुल उलट निकला और प्रशांत किशोर को बड़े राजनीतिक झटके का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें: Bihar Election Results 2025: राजनीति से संन्यास लेंगे प्रशांत किशोर! पटना में लगा पोस्टर












Click it and Unblock the Notifications