कटिहारः सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी अनियंत्रित कार, मौके पर तीन लोगों की मौत
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच 31 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े गिट्टी से लदे ट्रक और आल्टो कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका पूर्णिया सदर असप्ताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे, जो फुलवरिया की तरफ से आ रहे थे।

इसी दौरान गेड़ाबाड़ी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे गिट्टी से लदा हुआ ट्रक खड़ा था, जिसमें अनियंत्रित कार टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान राम कुमार उर्फ रामू गुप्ता, विकास कुमार उर्फ गोलू, सुनील कुमार शामिल है।
जबकि घायल रवि चौधरी गेड़ाबाड़ी का रहने वाला है। घटना के बारे में प्रारंभिक जांच में स्थानीय पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार के दौरान नींद की झपकी आने से कार ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और कार अनियंत्रित हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
युवक को मारी ताबड़तोड़ पांच गोलियां
वहीं प्रदेश की राजधानी पटना के खाजेकला थाना क्षेत्र के काठ का पुल सुदर्शन पद में दिनदहाड़े बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि आनन-पानन में उसे एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के मंसाराम अखाड़ा मोहल्ला निवासी प्रमोद कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि प्रमोद बाइक पर सवार होकर खाजेकला स्थित अपनी प्रेमिका के घर जा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications