जातीय जनगणना को लेकर उपेंद्र कुशवाहा और मांझी ने दिया बयान तो BJP विधायक ने किया पलटवार
पटना। जातीय जनगणना को लेकर जनता दल यूनाइटेड संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने एक बार फिर उन पार्टी के नेताओं को निशाने पर लिया है, जो इसका विरोध कर रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने जातीय जनगणना अब तक नहीं कराने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस आज इस मुहिम में साथ है लेकिन अगर कांग्रेस चाहती तो यह कब का हो गया होता। वहीं एनडीए के सहयोगी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग जातीय जनगणना का विरोध कर रहे हैं वो संविधान और बाबा साहब आंबेडकर के विरोधी हैं।

ट्वीट करते हुए जीतन राम मांझी ने लिखा कि जो आज जातिगत जनगणना का विरोध कर रहें है वह असल मायने में संविधान और बाबा अंबेडकर के विरोधी हैं. संविधान में समाजिक और आर्थिक तौर पर पिछडों के लिए आरक्षण का प्रवधान है ना कि आर्थिक तौर पर पिछडों के लिए. नाम में टाइटल लगा अपनी जाति बताने वालों आपको जातिगत जनगणना से डर क्यों है?
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा ने हाल ही में कहा था कि जातीय जनगणना का विरोध करने वाली पार्टियों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि भाजपा के भीतर इस मुद्दे को लेकर एकमत नहीं है। कुछ इसके सपोर्ट में हैं तो कुछ विरोध में बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं इस बयान पर भाजपा विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल ने पलटवार किया है।
विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि बीजेपी को नुकसान होगा, या किसको नुकसान होगा, वह तो समय बताएगा। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। 23 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सभी लोग मिलने गए थे। अब प्रधानमंत्री ही जातिगत जनगणना का निर्णय लेंगे। वह जो भी फैसला करेंगे भाजपा के लोग उनके साथ हैं।
इसके अलावा भाजपा विधायक ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा नेता हैं। नेता को कुछ ना कुछ बोलना चाहिए इसलिए बयान दे रहे हैं। हरि भूषण ठाकुर ने कहा बीजेपी में कोई कनफ्लिक्ट नहीं है। उन्हीं की पार्टी जदयू में तीन पॉवर सेंटर खुले हैं। एक पॉवर सेंटर उपेंद्र कुशवाहा बनना चाह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications