नीतीश कुमार के अंतिम चुनाव वाले बयान पर जदयू नेताओं ने दी सफाई, कहा- अंतिम चुनाव प्रचार था
पटना। बीते गुरुवार को पूर्णिया में जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने इस चुनाव को अपना अंतिम चुनाव बताया, जिसके बाद से राजनीतिक हलचल मच गई है। इसी मामले में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण ने कहा कि नीतीश कुमार के अंतिम चुनाव कहने का मतलब अंतिम चुनाव प्रचार या अंतिम चुनावी सभा थी। उन्होंने कहा कि इस बयान को लेकर विपक्षी बड़ा रस ले रहे हैं लेकिन सच यह है कि नीतीश कुमार कहीं नहीं जाने वाले हैं। वह रिटायर होने के बारे में सोच नहीं सकते।

वहीं जेडीयू के प्रवक्ता अजय आलोक ने भी नीतीश कुमार के 'अंतिम चुनाव' वाले बयान पर स्थिति स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि 'अंतिम चुनाव' का मतलब 'अंतिम चुनाव प्रचार' था। नीतीश जी कहीं नहीं जाने वाले हैं। इस बात का तिल का ताड़ बनाने की जरूरत नहीं है। नीतीश जी ने 2004 के बाद कोई चुनाव नहीं लड़ा यह तो सबसे ज्यादा विपक्ष के नेता ही कहते हैं। तो फिर उनके लिए अंतिम चुनाव का क्या मतलब है।
नीतीश कुमार के इस बयान पर लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान (LJP chief Chirag Paswan) ने कहा है कि वो मैदान छोड़ कर भाग चुके हैं, ऐसे लोगों पर कौन विश्वास करेगा। चिराग पासवान ने एक के बाद कई ट्वीट कर नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा, ''साहब ने कहा है की यह उनका आखिरी चुनाव है। इस बार पिछले 5 साल का हिसाब दिया नहीं और अभी से बता दिया की अगली बार हिसाब देने आएंगे नहीं। अपना अधिकार उनको ना दें जो कल आपका आशीर्वाद फिर मांगने नहीं आएंगे। अगले चुनाव में ना साहब रहेंगे ना जेडीयू। फिर हिसाब किससे लेंगे हम लोग?''












Click it and Unblock the Notifications