Bihar News: श्रवण श्रुति प्रोजेक्ट साबित हो रहा बच्चों के लिए वरदान, मां-बाप की आवाज़ सुन पाएंगे मासूम
Bihar News, Shravan Shruti Project: बिहार के गया ज़िले में डीएम डॉ. त्यागराजन एस एम की पहल से बहरेपन के शिकार बच्चों का मुफ्त में इलाज किया जा रहा है। उनकी सर्जरी कर कॉकलियर इंप्लांट भी मुफ्त में करवाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत ज़िला के अभी तक 30 बच्चों का सफल इलाज हो चुका है। कानपुर में सभी बच्चों की सर्जरी की हुई और कॉकलियर इंप्लांट किया गया।
श्रवण श्रुति प्रोजेक्ट एक बार फिर बच्चों के लिए वरदान साबित हुआ है। इसके तहत ज़िले के तीन बच्चों का सफल इलाज हुआ है। तीनों मासूम अपने मां-बाप की आवाज़ सुन सकेंगे। गया जिला के टिकारी निवासी अविनाश, बेला निवासी आनंद और इमामगंज निवासी रितिक का सफल इलाज हुआ है। ग़ौरतलब है कि इस महीने ज़िले के 10 और बच्चों की सर्जरी के लिए काग़ज़ी प्रक्रिया अंतिम पड़ाव में है। जल्द ही वह बच्चे भी अपने माता-पिता की आवाज़ सुन सकेंगे।

कानपुर में सभी बच्चों का सफलतापूर्वक इलाद किया जा रहा है। सर्जरी के बाद बच्चों के माता-पिता बहुत खुश हैं, उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनके बच्चे बोली पर प्रतिक्रियाएं देंगे। उनकी आवाज़ सुनकर पास आएंगे। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित मेहरोत्रा ईएनटी अस्पताल में श्रवण श्रुति कार्यक्रम के तहत मदद की जा रही है।
कानपुर स्थित अस्पताल में अभी तक टेकरी के 11, बोधगया के 3, बेलागंज के 3, इमामगंज के 3, मोनपुर के 2, डोभी के 2, मोहरा के 2, शेरघाटी के 1, खिजर सराय के 1, मानपुर के एक, परैया के 1, बांके बाजार के 1, गुरुआ के 1 और वज़ीरगंज के 1 बच्चे शामिल हैं।
आपको बता दें कि श्रवण श्रुति कार्यक्रम को जिला पदाधिकारी गया डॉ० त्यागराजन एस एम खुद अपने से लीड कर रहे हैं। इस बाबत वह संबंधित पदाधिकारियों के साथ नियमित रूप से समीक्षा भी करते रहते हैं। वहीं इससे पहले हुई बच्चों की सर्जरी के मौजूदा हालात की भी जानकारी लेते रहते हैं।
गया जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम ने बताया कि वैसे बच्चे जो ठीक से सुन नहीं पाते, बहरेपन का शिकार हैं उनका श्रवण श्रुति प्रोजेक्ट के तहत मुफ्त में इलाज सरकार की तरफ़ से करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला एवं प्रखंड स्तर में कैंप के ज़रिए लगातार बच्चों की स्क्रीनिंग की जा रही है। ज्यादा से ज्यादा बच्चों की निशानदेही कर उसे प्रोजेक्ट का लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications