उपचुनाव के नतीजे से पहले कांग्रेस में उठे विरोध के सुर, प्रदेश अध्यक्ष से की इस्तीफे की मांग
पटना। बिहार विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस की स्थिति बुरी हो गई है, जिसके चलते पार्टी में विरोध के सुर उठने लगे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक और नेता ऋषि मिश्रा ने चुनाव परिणाम आने से पहले ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को निशाने पर ले लिया। ऋषि मिश्रा ने कहा कि तीस वर्षों से मिथिलांचल में कांग्रेस की राजनीति करने वाले मदन मोहन झा पिछले विधानसभा चुनाव और इस उपचुनाव में पार्टी को अपेक्षित स्थान नहीं दिलवा सके।

पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा से इस्तीफे की मांग की है। बता दें कि कुशेश्वरस्थान में 19वें राउंड के जदयू उम्मीदवार 11 हजार 447 मतों से आगे हैं। 18वें राउंड तक जदयू को 48 हजार 462 मत मिल चुके थे। जबकि राजद को 37 हजार 847 मत मिले। वहीं कांग्रेस को 4 हजार 275 वोट मिले।
इसके अलावा तारापुर में राजद को 3830 वोटों की बढ़त मिली हुई है। यहां 11वें राउंड तक की मतगणना पूरी हो चुकी है। राजद को कुल 33 हजार 187 वोट मिले हैं अभी तक। जबकि जदयू को 29 हजार 357 वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस को 1038 वोट मिले हैं।
बता दें कि धांधली का आरोप लगा रहे मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने मतगणना के दौरान अपने बड़े नेताओें को तैनात किया है। कल ही राजद की ओर से एक विज्ञापन जारी कर बताया गया था कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव दरभंगा जिले में खुद मौजूद रहेंगे। वहां कुशेश्वरस्थान (आरक्षित) सीट पर मतगणना पर वह नज़र रखेंगे। उधर, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की अगुवाई में एक टीम मुंगेर जिले में रहेगी जिसके तहत तारापुर विधानसभा क्षेत्र आता है।












Click it and Unblock the Notifications