कोर्ट में अंधाधुंध फायरिंग, मामले में 25 पुलिसवाले सस्पेंड
इस घटना में एक कैदी की मौत तो दो अन्य कैदी जख्मी हो गए। इस दौरान सभी पुलिसवाले अपनी जान बचाते हुए एक कोने में दुबक गए। जिसके चलते 25 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया है।
पटना। दिनदहाड़े राजधानी पटना के कोर्ट कैंपस में अंधाधुंध फायरिंग कर एक कुख्यात अपराधी की हत्या कर दी गई तो दो कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कुल 25 पुलिसवालों को निलंबित कर दिया गया है। जिसमें दो सब इंस्पेक्टर, 19 पुलिस कॉस्टेबल और साथ ही 4 जेल पुलिसकर्मी शामिल हैं जो अपराधियों को जेल में पेशी के लिए लाए थे। अपराधियों द्वारा गोलीबारी की घटना को तब अंजाम दिया गया जब उन्हें पुलिस सुरक्षा में न्यायालय में पेश किए जाने के लिए ले जाया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक जैसे ही कुख्यात अपराधी गुड्डू सिंह को पुलिस न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाने लगी तभी पहले से ही घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोली चलाना शुरू कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं इस घटना में पेशी के लिए लाए दो अन्य कैदी गंभीर रुप से घायल हो गए। इस दौरान सभी पुलिसवाले अपनी जान बचाते हुए एक कोने में दुबक गए। घटना के बाद अपर पुलिस महानिदेशक संजीव कुमार सिंघल के निर्देश पर एसएसपी मनु महाराज ने 25 पुलिसवालों को निलंबित कर दिया। वहीं इस घटना में जान गंवाने वाले कैदी गुड्डू सिंह पर विभिन्न थाने में कई मामले दर्ज थे। फिलहाल वो बाप-बेटे की हत्या में पेशी के लिए आया था। जहां अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली उसके सीने में जा लगी जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

अब तक कई ऐसी घटनाओं ने दहला दिया है कोर्ट कैंपस
आपको बता दें कि जिले की सेफ जोन माने जाने वाले कोर्ट कैंपस, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं ये सारे इंतजाम उस वक्त धाराशाही हो जाते हैं जब अपराधियों द्वारा पुलिस को चुनौती देते हुए हत्या जैसे जघन्य अपराध की घटना को अंजाम दिया जाता है। राजधानी पटना के बाहर कोर्ट में घटी ये घटना पहली बार की नहीं है। इससे पहले भी कई जिले की कोर्ट कैंपस में अपराधियों द्वारा गोलीबारी कर दिल दहलाने वाली घटनाओं को अंजाम दिया गया है। आज से कुछ महीने पहले बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जेल से पेशी के लिए लाए गए हत्या के आरोपियों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

सासाराम में मानव बम लगाते हुए एक आरोपी को उड़ाने के लिए घटना सामने आई थी। इस तरह के और भी कई मामले हैं जिसमें आसानी से कोर्ट कैंपस में घुसकर अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया और पुलिस की सारी सुरक्षा व्यवस्था धरी की धरी रह गई। इस तरह की घटना को लेकर अब कोर्ट सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications