डिप्टी सीएम रेणु देवी ने RJD विधायक को लिया आड़े हाथ, कहा- इस घिनौनी हरकत की जितनी भी निंदा की जाए कम है
पटना। बीते मंगलवार को बिहार विधानसभा परिसर में राजद विधायक और भाजपा विधायक के बीच हुई तू-तू मैं-मैं का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राजद के विधायक भाई बिरेन्द्र और भाजपा के विधायक संजय सावरगी के बीच हुए विवाद के दौरान राजद विधायक ने भाजपा विधायक को बहुत ही खराब तरीके से अपशब्द कहे, जिसका वीडियो प्रदेश की डिप्टी सीएम रेणु देवी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो को सोशल मीडिया पर डालते वक्त उन्होंने लिखा कि राजद विधायक की इस घिनौनी हरकत की जितनी भी निंदा की जाय, कम है। राजद इसके लिए माफी मांगे। इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बिहार में हो रहे विकास कार्यों के देखकर जंगलराज वाली पार्टी के लोग हताश हो गए है।

वहीं डिप्टी सीएम रेणु देवी पर पलटवार करते हुए राजद विधायक भाई बिरेन्द्र ने रेणु देवी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बिहार की उपमुख्यमंत्री द्वारा छात्रों व छात्र नेताओं के साथ की गई बदसलूकी और अमर्यादित व्यवहार अत्यंत खेदजनक है या नहीं? उपमुख्यमंत्री साहिबा की इस घिनौनी हरकत की जितनी निंदा की जाए वह कम होगी या ज्यादा? बीजेपी इसके लिए माफी मांगेगी? इस तरह की हरकत बर्दाश्त कर ली जाएगी या नहीं? बता दें कि डिप्टी सीएम रेणु देवी का यह बयान हाल ही का है, जिसे राजद विधायक ने शेयर किया है।
बता दें कि सत्र के दूसरे दिन विधानसभा परिसर में अचानक भाजपा और राजद के विधायक आपस में भिड़ गए। हालांकि बीच-बचाव करने के बाद मामला शांत हो गया। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व राजद विधायक भाई बिरेंद्र और भाजपा विधायक संजय सावरगी के बीच कहासुनी हो गई। दोनों विधायक आपस में बहस करने लगे। बहस करत-करते दोनों के बीच गाली-गलौच भी शुरू हो गई। यहां तक कि दोनों विधायकों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दे डाली।












Click it and Unblock the Notifications