सीएम नीतीश कुमार जाएंगे विदेश, पासपोर्ट कराया रिन्यूअल, जानिए कहां-कहां जाने का है प्लान?
बिहार के सीएम नीतीश कुमार एक सप्ताह के विदेश दौरे पर जाने की खबर मिल रही है। वह इसी सप्ताह यूनाइटेड किंगडम की यात्रा पर जा सकते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री गुरुवार को अपना पासपोर्ट रिन्यूअल कराने मौर्य लोक स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पहुंचे थे। जहां उन्होंने पासपोर्ट रिन्यूअल कराने के लिए जरूरी दस्तावेज जमा कराए।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नीतीश के करीबी माने जाने वाले जदयू के पूर्व मंत्री अशोक कुमार चौधरी ने कहा कि सीएम की विदेश दौरे पर जाने की योजना है लेकिन अभी उनके कार्यक्रम के बारे में कोई स्पष्टता नहीं है।

अपनी विदेश यात्रा के दौरान नीतीश कुमार साइंस सिटी का भी जायजा लेंगे। चौधरी ने टीओआई को बताया , ''ऐसी संभावना है कि वह साइंस सिटी देखने के लिए विदेश यात्रा पर जा सकते हैं , लेकिन हमें नहीं पता कि उन्हें कौन सी साइंस सिटी पसंद है।''
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम नीतीश के साथ विदेश दौरे पर राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार और भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि भी विदेश दौरे पर जा सकते हैं। इस दौरान वे स्कॉटलैंड के साथ साथ अन्य यूरोपीय देशों का दौरा करेंगे। यूरोप में करीब एक हफ्ते का समय बिताने के बाद मुख्यमंत्री वापस बिहार लौट आएंगे।
आपको बता दें कि पिछले महीने जब बिहार में महागठबंधन की सरकार थी तब बिहार के तत्कालीन उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव विदेश दौरे की योजना बना रहे थे। तेजस्वी यादव 6 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाने वाले थे।
तेजस्वी यादव को दिल्ली की राउज ऐवन्यू कोर्ट ने 6 से 18 जनवरी के तक आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के सरकारी दौरे पर जाने की इजाजत भी दे दी थी। तेजस्वी यादव ने एशियन डेवलमेंट बैंक और बिहार सरकार के साझा प्रोजेक्ट '6 लेन गंगा ब्रिज प्रोजेक्ट' के संबंध में विदेश यात्रा पर जाने के लिए इजाजत मांगी थी।
लेकिन जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद तेजस्वी यादव ने अपना विदेश दौरा रद्द कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications