बिहार में कक्षा-7 के प्रश्नपत्र में कश्मीर को बताया अलग देश, भाजपा ने नीतीश सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
बिहार में कक्षा-7 की परीक्षा में प्रश्न पत्र में एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल प्रश्नपत्र में जम्मू कश्मीर को अलग देश के तौर पर रखा गया है। बिहार के किशनगंज स्थित कक्षा-7 के स्कूल के प्रश्नपत्र में यह सवाल पूछा गया है। अंग्रेजी भाषा में छपे प्रश्न पत्र में सवाल पूछा गया, इन देश के लोगों को क्या कहते हैं। जिसमे पहला विकल्प चीन, दूसरा नेपाल, तीसरा विकल्प इंग्लैंड, चौथा विकल्प कश्मीर और पांचवा विकल्प भारत दिया गया है। इस पूरे मामले पर बढ़ते विवाद पर स्कूल के प्रधानाध्यापक ने सफाई दी है।

स्कूल के प्रधानाध्यापक एसके दास ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि हमे यह प्रश्न पत्र बिहार शिक्षा बोर्ड की ओर से मिला था। सवाल यह पूछा जाना था कि कश्मीर के लोगों को क्या कहते हैं। लेकिन गलती से प्रश्न पत्र में देश छप गया और कश्मीर को एक देश लिखा गया। यह एक मानवीय भूल है। वहीं इस पूरे मामले पर भाजपा ने बिहार सरकार की मंशा पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार के सीमांचल में इस तरह का एजेंडा चलाया जा रहा है। यहां कश्मीर को भारत से अलग दिखाया जा रहा है।
संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार में जदयू और राजद गठबंधन की सरकार है, यह सरकार पीएफआई की समर्थक है। पहले पूरे सीमांचल में हिंदी स्कूलों को शुक्रवार को बंद किया गया और अब प्रश्नपत्र में इस तरह का सवाल। प्रश्न पत्र में जो सवाल पूछा गया है कि कश्मीर देश के लोगों को क्या कहते हैं, क्या बिहार सरकार में बैठे लोग कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं मानते हैं। बिहार में बैठे अधिकारियों की मंशा है कि 2047 तक सीमांचल को अलग देश बना दें। बच्चों के दिमाग में यह डालने की कोशिश हो रही है कि कश्मीर भारत का अंग नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications