कर्म लौटकर आता है! जानिए जेडीयू की आंतरिक कलह को लेकर चिराग ने किस पर साधा निशाना
बिहार में इस वक्त सियासी भूचाल सा आया हुआ है। राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों में पार्टी की कमान सौंपी गई। जिसके बाद से कई तरह की चर्चाएं तेज हैं।
ललन सिंह के इस्तीफे से पहले भी ऐसी बातें सुनने में आ रही थी कि लालू और ललन मिल कर जेडीयू को तोड़ रहे हैं। ललन सिंह के इस्तीफे के पीछे भी कई लोग दबे स्वर में लालू यादव का नाम ले रहे हैं। जेडीयू के अंदर लगी आग में विपक्षी दल हाथ सेंकने से पीछे नहीं हट रहे।

'जो कल दूसरों के खिलाफ साजिश करते थे आज खुद साजिश के शिकार हुए'
नीतीश कुमार के खिलाफ हमेशा मुखर रहने वाले लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपीआर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने एक बार फिर जेडीयू के अंदर मचे घमासान को लेकर पोस्ट लिखा है। दरअसल, ललन सिंह के अध्यक्ष पद से हटने के पीछे चिराग ने नीतीश की महत्वाकांक्षा को वजह बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ललन सिंह कल दूसरों का घर तोड़ने और अध्यक्ष पद से हटाने की साजिश करते थे आज वो खुद साजिश के शिकार हो गए हैं।
नीतीश की महत्वाकांक्षा का शिकार हुए ललन: चिराग
चिराग ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, "जो कभी दूसरे के घर को तोड़ने और अध्यक्ष पद से हटाने के लिए साजिश किए आज वो स्वयं साजिश के शिकार हो गए। ललन बाबू कहावत है ना की कर्म लौट कर आता है, आज कुछ वैसा ही आपके साथ भी हो रहा है। मैं आपकी व्यथा को समझ सकता हूं। आप भी आज नीतीश कुमार जी के महत्वकांक्षा का शिकार हो गए।"
यह भी देखें: ललन के इस्तीफे से नीतीश को होगा भारी नुकसान, JDU सांसद पहले भी कर चुके हैं बड़ा खेल; जानिए क्या है पूरी बात
'नीतीश कुमार को अपने नेताओं के बढ़ते कद से होती है दिक्कत'
उन्होंने आगे लिखा कि इससे पहले भी जदयू के कई राष्ट्रीय अध्यक्षों को नीतीश जी ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। उनको अपने नेताओं के बढ़ते कद से ही सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
चिराग ने जेडीयू की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए लिखा, "जनता दल यूनाइटेड में गुटबाजी अब इस कदर बढ़ गई है कि यह मतभेद और अंतरकलह पार्टी का अस्तित्व खत्म करके ही मानेगी। आने वाले चुनाव में जदयू का कोई नाम लेने वाला भी नहीं रह जाएगा।"
यह भी देखें: Nitish Kumar के जेडीयू अध्यक्ष बनने पर क्या बोले तेजस्वी? ललन की छुट्टी के चलते चर्चा में डिप्टी सीएम
आपको बता दें, चिराग पासवान हमेशा से ही नीतीश कुमार और बिहार की सत्ता में काबिज महागठबंधन पर निशाना साधते रहे हैं। बीते दिनों वो कई बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मानसिक स्वास्थ्य पर भी सवाल उठा चुके हैं।
यह भी देखें: 'वो कभी नहीं चाहते थे तेजस्वी CM बनें', नीतीश के JDU अध्यक्ष बनने पर जीतन राम मांझी ने बताया क्या था मतभेद?












Click it and Unblock the Notifications