Nitish Kumar के जेडीयू अध्यक्ष बनने पर क्या बोले तेजस्वी? ललन की छुट्टी के चलते चर्चा में डिप्टी सीएम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उनके डिप्टी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने पार्टी में मिली नई जिम्मेदारी के लिए नीतीश को शुभकामनाएं दी हैं।
बता दें कि खबरें हैं कि ललन सिंह के जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे की वजह तेजस्वी यादव ही हैं। दिल्ली में शुक्रवार को जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह ने इस्तीफा दिया और नीतीश कुमार ने दूसरी बार पार्टी की अध्यक्षता अपने हाथों में ले ली।

तेजस्वी यादव ने नीतीश को दी शुभकामनाएं
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है,' अपनी पार्टी (JDU) के नए अध्यक्ष बने हैं तो यह अच्छी बात है....यह उनकी पार्टी का फैसला है। वे पहले भी लगातार जेडीयू के अध्यक्ष रहे हैं। वे अपनी पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं...अच्छी बात है कि वह पार्टी (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं....उनको शुभकामनाएं हैं......'
जेडीयू में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों पर लगी मुहर
दरअसल, जनता दल (यूनाइटेड) में नेतृत्व परिवर्तन की खबरें कई दिनों से मीडिया की सुर्खियां बनी हुई थी। लेकिन, इसे अटकलबाजी साबित करने में न सिर्फ नीतीश समेत उनकी पार्टी के तमाम नेता लगे हुए थे, बल्कि तेजस्वी यादव भी उसमें शामिल थे। लेकिन, आखिरकार मीडिया की खबरों पर मुहर लग गई है।
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह की नजदीकी तेजस्वी यादव के पिता और राजद सुप्रीमो लालू यादव से काफी बढ़ गई थी, जिससे नीतीश चिंतित रहते थे।
लेकिन, एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक बात तब ज्यादा बिगड़ गई, जब ललन ने नीतीश के सामने तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रख दिया। जब सीएम ने उनकी डिमांड ठुकरा दी तो नीतीश की जानकारी के बगैर 12 विधायकों की गुप्त बैठक कराई गई। आखिरकार, इसी वजह से नीतीश ने ललन को साइडलाइन करने का फैसला कर लिया।
एक दिन पहले तक नेतृत्व परिवर्तन की बातों को नकार रहे थे ललन
वैसे जेडीयू की ओर से कहा जा रहा है कि ललन सिंह ने अगले लोकसभा चुनाव में अपने चुनाव क्षेत्र में व्यस्तता का हवाला देकर पद छोड़ा है। जबकि, तथ्य ये है कि एक दिन पहले तक वह पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन के दावों की खिल्ली उड़ाने में लगे हुए थे।
बहरहाल, अब ये तय हो गया है कि 2024 का लोकसभा चुनाव जेडीयू नीतीश कुमार की अगुवाई में लड़ेगा, जो फिलहाल इंडिया ब्लॉक में शामिल है। उन्होंने अपना चुनाव अभियान एक तरह से आने वाले दिनों में झारखंड से शुरू करने का भी इशारा कर दिया है।
#WATCH | Bihar Deputy CM Tejashwi Yadav says, " If he (Nitish Kumar) has become the president of his party (JD(U)) then it is the decision of their party. He has been the President of JD(U) earlier as well. He is a senior leader of his party so it is a good thing if he has become… pic.twitter.com/sJWiFFN8Ce
— ANI (@ANI) December 29, 2023












Click it and Unblock the Notifications