RJD के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने चिराग से की मुलाकात, लालू यादव से भी की फोन पर बात
पटना। लोक जनशक्ति पार्टी में लगातार चल रही रार के बीच चिराग पासवान को राष्ट्रीय जनता दल ( राजद ) की तरफ से ऑफर मिल रहा है। पहले तेजस्वी यादव ने चिराग को ऑफर दिया था और वहीं अब राजद के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने दिल्ली में चिराग से मुलाकात कर राजनीतिक बदलाव के संकेत दिये हैं। इसके अलावा चर्चा है कि चिराग के साथ राजद के एक और विधायक ने भी मुलाकात की थी। हालांकि चिराग पासवान ने भाजपा के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा है कि भाजपा और एनडीए के साथ गठबंधन पर अब चुनाव के वक्त विचार किया जाएगा।
Recommended Video

बीते रविवार को श्याम रजक ने दिल्ली में चिराग पासवान से मुलाकात की। हालांकि इस भेंट को उन्होंने व्यक्तिगत बताया है लेकिन प्रदेश की राजनीति में इस मुलाकात की सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। शनिवार को चिराग अचानक ही बिहार में अपनी आशीर्वाद यात्रा का कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली पहुंचे हुए थे। श्याम रजक ने चिराग से की मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि आज नई दिल्ली स्थित 12 जनपथ आवास पर आदरणीय बड़े भाई स्व॰ रामविलास पासवान जी की धर्मपत्नी श्रीमती रीना पासवान जी व उनके पुत्र व सांसद श्री चिराग पासवान जी से शिष्टाचार मुलाकात किया।
वहीं जब श्याम रजक से राजद में चिराग की एंट्री को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जो कोई भी लोहिया और आंबेडकर के विचार को आगे बढ़ाना चाहता है उसका स्वागत है चाहे वो चिराग हों या कोई और। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक चिराग ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से फोन पर बात की है।
ऐसा माना जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव के निर्देश के बाद श्याम रजक, दलित नेताओं को एकजुट करने में लग गए हैं। जबकि रजक ने चिराग पासवान से मिलने से पहले बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास और पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार से भी मुलाकात की है। दलित नेताओं से श्याम रजक की मुलाकात को चिराग पासवान को महागठबंधन के साथ लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications