बिहार: गंगा-गंडक नदी के संगम पर फंसी 200 यात्रियों को ले जा रही नाव, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार शाम को एक नाव नदी की तेज धारा में फंस गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नाव पर करीब 200 लोग सवार थे, जिसमें से कुछ लोगों को बचा लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। घटनास्थल के पास अंधेरा होने की वजह से बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा।

जानकारी के मुताबिक सोनपुर मेले में बड़ी संख्या में लोग शामिल होने गए थे। वहां से करीब 200 लोगों को लेकर एक नाव लौट रही थी। तभी नदी की बीच धारा में वो फंस गई। आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जिस पर स्थानीय प्रशासन, जल पुलिस, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अभी तक करीब 80-90 लोगों को बचाया गया है, जबकि करीब 100 लोग नाव पर फंसे हैं।
ज्यादातर लोग जहानाबाद के
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे एक अधिकारी ने बताया कि नाव पर सवार ज्यादातर लोग जहानाबाद के रहने वाले हैं, जो नहाने के लिए सोनपुर गए थे। नाव प्राइवेट थी, जिसको चलाने वाले और मालिक का पता नहीं चल पा रहा। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
बाराबंकी में भी ऐसा हादसा
अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में इसी तरह का हादसा हुआ था, जहां सुमली नदी के ककरहा घाट पर नाव पलट गई। उसमें 20 लोग सवार थे। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर ज्यादातर लोगों को बचा लिया गया, लेकिन घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक थाना मोहम्मदपुरखाला क्षेत्र के ककरहा स्थित सलारपुर घाट से कई लोग नाव से मेला देखने जा रहे थे, तभी ये हादसा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications