1977 के बाद मिली बिहार को आज़ादी, सम्राट चौधरी के बयान पर गरमाई सियासत, जानिए पूरा मामला
Politics on Bihar BJP President Samrat Chaudhary Statement: बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मेरी नज़र में देश को 1947 में आज़ादी ज़रूर मिली, लेकिन बिहार को असली आज़ादी 1977 के आंदोलन के बाद मिली है। बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी के बयान से प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। हालांकि सम्राट चौधरी ने अपने बयान पर सफ़ाई भी पेश की है।
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के बयान पर तंज़ भर लहज़े में कहा कि यह हैरानी की बात है। जिस इंसान को आज़ादी के बारे जानकारी नहीं, वह पूरी तरह से इल्लीगल है। कोई सुनेगा कि उस इंसान को आज़ादी की जानकारी नहीं है तो कितना अजीब लगेगा।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के आज़ादी बाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी लोगों को इस बात की जानकारी है कि देश को आज़ादी कब मिली। सम्राट चौधरी की इस तरह की बातों पर लोग हसेंगे।
पूर्व मंत्री नीरज कुमार (मुख्य प्रवक्ता, जदयू) ने सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाये। नीरज कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है। 1947 में देश आज़ाद हुआ और सम्राट चौधरी कह रहे 1977 को आज़ादी मिली। यह उन तमाम स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है, जो देश की आज़ादी में में शामिल थे।
नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को इस तरह का बयान देने पर शर्म और लज्जा आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे के सामने इस तरह की बातें हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पीएम मोदी से उम्मीद है कि इस मामले में कार्रवाई करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने 1977 में आज़ादी वाले बयान पर सफाई पेश की है। सम्राट चौधरी ने कहा कि आज़ादी के बाद गुलामी का प्रतीक कांग्रेस थी। कांग्रेस राज कर रही थी। 1977 में गरीबों की आज़ादी की बात कही है। सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने संपूर्ण क्रांति की बात कही थी। सीएम नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव सभी लोग जेपी के आंदोलन में साथ थे। अगर वह लोग कह रहे हैं कि उन्होंने यह लड़ाई नहीं लड़ी तो मैं क्या करूं?












Click it and Unblock the Notifications