बिहारी गुंडे शब्द का इस्तेमाल कर बुरी फंसी महुआ मोइत्रा, BJP ने कहा- TMC को सभी हिंदी भाषी लोगों से एलर्जी
पटना। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने आईटी कमिटी की बैठक में बिहारी गुंडे शब्द का प्रयोग किया, जिसके चलते सियासी हंगामा शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दूबे ने इस बयान का विरोध करते हुए कहा कि टीएमसी सांसद का यह बयान न सिर्फ बिहारियों का अपमान है कि बल्कि पूरे हिंदी प्रदेश का अपमान करने वाला है। ऐसा बयान हिंदी भाषा प्रदेश के लोगों के साथ नफरत फैलाने वाला है।
Recommended Video

इसके अलावा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि टीएमसी को सभी हिंदी भाषी लोगों से एलर्जी है इसलिए उन्होंने मुझे 'बिहारी गुंडा' कहा। यह बिहार के स्वाभिमान पर हमला है। मैंने सभी तथ्य अध्यक्ष को सौंप दिए हैं। उन्हें माफी मांगनी चाहिए। वहीं टीएमसी सांसद के बयान पर बिहार भाजपा के विधायक हरि भूषण ठाकुर ने कहा कि ऐसी भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीएमसी को शायद पता नहीं है कि एक बिहारी सौ पर भारी होता है। ऐसे सांसद पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए वरना मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
वहीं जदयू ने टीएमसी सांसद के बिहारी गुंडे शब्द को भाषाई गुंडा बताया है। जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि जिस भाषा का प्रयोग किया हमसे सांसद ने किया है वह भाषा ही गुंडई है। ऐसी भाषा के लम्पटीकरण पर कार्रवाई होनी चाहिए। बिहार चाणक्य और आर्यभट्ट की धरती रही है यहां ज्ञान की बात होती है ना कि गुंडई की। ऐसे बयानों के लिए सांसद को माफी मांगनी चाहिए और कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
टीएमसी सांसद के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने इसे बिहार के साथ पूरे हिंदी भाषी प्रदेशों का अपमान बताया है। प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी एक दल को नहीं बल्कि बिहार के सभी दलों को एक साथ मिलकर विरोध दर्ज कराना चहिये। वहीं राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार के बारे में ऐसी भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी पर यह भाषा बीजेपी के उन नेताओं के प्रति दी गई होगी जो बंगाल में हंगामा मचाते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications