Bihar Today: पटना मेट्रो का आज होगा पहला ट्रायल रन, संविदा कर्मियों के लिए आखिरी मौका
Bihar Hindi News Today (3 September 2025): बिहार की राजनीति (Bihar Politics) से लेकर गवर्नमेंट (Government) के बड़े फैसलों तक, विकास योजनाओं (Vikas Yojana) से लेकर जनता से जुड़े कार्यक्रमों तक - आज बिहार (Bihar Latest News) में क्या कुछ नया हो रहा है, उसका हर बड़ा अपडेट (Bihar Update) आपको यहां मिलेगा। आइए जानते हैं तीन सितंबर को बिहार की ताजा खबरें।
पटना मेट्रो का आज होगा पहला ट्रायल
आज पटना मेट्रो का बड़ा ट्रायल होने जा रहा है। 3 सितंबर को करीब 800 मीटर पटरी पर मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। इस दौरान मेट्रो की स्पीड, सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक की सुरक्षा की जांच की जाएगी।

मेट्रो डिपो में बिजली का काम पूरा
बैरिया बस टर्मिनल के पास बने मेट्रो डिपो में 132 केवी स्विच स्टेशन को चार्ज कर दिया गया है। यहां 30-30 एमवीए के चार पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इनमें से दो ट्रांसफॉर्मर 132 केवी लाइन को 33 केवी में और बाकी दो 25 केवी में बदलेंगे। इससे स्टेशन पर एसी, लिफ्ट और अन्य इलेक्ट्रिक मशीनें आसानी से चल सकेंगी।
बिहार बोर्ड परीक्षा आवेदन की तारीख बढ़ी
बिहार बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र 3 सितंबर, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों secondary.biharboardonline.com और seniorsecondary.biharboardonline.com पर किया जा सकेगा। जिन छात्रों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके लिए यह आखिरी मौका है।
संविदा कर्मियों के लिए आखिरी मौका आज
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने हड़ताल पर गए विशेष सर्वेक्षण संविदा कर्मियों को आज यानी 3 सितंबर की शाम 5 बजे तक का अंतिम अवसर दिया है। इसके बाद योगदान की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी और न ही लौटने वालों को कार्य पर रखा जाएगा।
विभाग का कहना है कि 16 अगस्त से हड़ताल पर गए कर्मियों में से 30 अगस्त तक 4000 से अधिक कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं। वहीं, अनुशासनहीनता में शामिल कर्मियों पर अलग से कार्रवाई चल रही है। कई कर्मियों ने शिकायत की है कि हड़ताल खत्म करने पर साथी ही उन्हें धमका रहे हैं। विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
NDA का कार्यकर्ता सम्मेलन आज से
एनडीए के विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन का तीसरा चरण आज 3 सितंबर से शुरू हो रहा है। इस चरण में कुल 42 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे।
किन जिलों में होगा आयोजन?
आज वैशाली, राजगीर, सकरा, खगड़िया, बरबीघा, केसरिया, सुरसंड, छातापुर, रीगा, गयाजी टाउन, बछवाड़ा, काराकाट, अगिआंव और बेनीपट्टी में सम्मेलन होगा। इसके बाद 7 और 8 सितंबर को अन्य इलाकों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने दावा किया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहेगा और 2025 में एनडीए को बेहतर नतीजे मिलेंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए नेताओं ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर जनता का भरोसा कायम है और एनडीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।
भाजपा ने बिहार में किया बंद का ऐलान
भाजपा ने बुधवार, 4 सितंबर को बिहार बंद का ऐलान किया है। यह बंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान अपमानजनक भाषा कहे जाने के विरोध में बुलाया गया है। पहले यह बंद 3 सितंबर के लिए घोषित था, लेकिन पार्टी नेताओं की दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के कारण तिथि बदल दी गई। भाजपा का कहना है कि विपक्ष के मंच से पीएम के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।












Click it and Unblock the Notifications