Bihar Today: बिहार में आतंकी हमले को लेकर अलर्ट, CPI(M) महासचिव चुनाव पर चर्चा के लिए पहुंचे पटना
Bihar Today News: बिहार में एक ओर साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश में आतंकी हमले की आशंका को लेकर सभी जिलों में हाई अलर्ट किया गया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी 38 जिलों में हाई अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षा एजेंसियों को चौंकाना रहने और पुलिस को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और रेल एसपी को कई निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों, औद्योगिक इकाइयों और रेलवे परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। होटल, लॉज, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थानों की नियमित जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है। इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर हमले से जुड़ी अफवाहों और भड़काऊ सामग्री पर भी साइबर विभाग को निगरानी रखने को कहा गया है। विधानसभा, विधान परिषद, पटना हाई कोर्ट, सचिवालय और अन्य प्रमुख सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बिहार चुनाव 2025: CPI(M) महासचिव एमए बेबी पटना में, महागठबंधन के नेताओं से करेंगे मुलाकात
सीपीआई (एम) के नए महासचिव एमए बेबी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वो महागठबंधन (इंडिया ब्लॉक) के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर आगामी चुनावों में विपक्षी एकता को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
एमए बेबी का यह बिहार दौरा ऐसे वक्त में हुआ है, जब महागठबंधन के भीतर मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आरजेडी तेजस्वी यादव को जहां सीएम फेस मान चुकी है, वहीं कांग्रेस अब तक इसपर चुप्पी साधे हुए है। ऐसे में एमए बेबी ये कोशिश करेंगे कि गठबंधन के सभी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
मुकेश सहनी की पार्टी VIP के नेता आनंद मधुकर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार
मुकेश सहनी की पार्टी VIP के नेता आनंद मधुकर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। गिरफ्तारी के डर से वो इन दिनों फरार है। पुलिस उनको पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पटना पुलिस ने कहा है कि आनंद मधुकर बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस ने यह भी कहा है कि अगर गिरफ्तारी नहीं होती है तो जल्द से जल्द कुर्की जब्ती की भी प्रक्रिया की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications