Bihar SIR पर भारी बवाल लेकिन अब तक सिर्फ 5015 ही आवेदन आए, कांग्रेस-RJD ने नहीं की एक भी आपत्ति
Bihar SIR News: बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन (SIR) का पहला ड्राफ्ट जारी किया जा चुका है। चुनाव आयोग की ओर से मतदाताओं और राजनीतिक दलों को 1 सितंबर तक का समय आपत्ति दर्ज करने के लिए दिया गया है। हालांकि, 7 दिन बीतने के बाद भी अब तक किसी राजनीतिक दल की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई है। आयोग के पास अब तक सिर्फ 5015 आवेदन ही आए हैं। इनमें से एक भी आवेदन कांग्रेस या आरजेडी (RJD) की ओर से नहीं दिया गया है। हालांकि, पटना में तेजस्वी यादव रोज मीडिया के सामने गड़बड़ी के आरोप लगाते रहते हैं। संसद में भी इस मुद्दे पर जमकर बवाल हो रहा है।
बिहार में SIR के मुद्दे पर विधानसभा के मानसून सत्र में जमकर बवाल हुआ था। पहला ड्राफ्ट जारी होने के बाद से तेजस्वी यादव 65 लाख मतदाताओं के नाम गायब होने का दावा कर रहे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल संसद सत्र में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। दोनों सदनों में कई बार हंगामा हुआ है और संसद की कार्यवाही बाधित होती रही है।

Bihar SIR के पहले ड्राफ्ट पर सीमित आवेदन ही आए
बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन में गड़बड़ी (नाम काटे जाने/ गलत नाम/ नए नाम जोड़ने वगैरह) ठीक कराने के लिए मतदाताओं को समय दिया गया है। अब तक सिर्फ 5015 आवेदन ही आए हैं। खास बात यह है कि जिस मुद्दे पर विपक्षी दल मोर्चा खोले हैं, उसमें सुधार के लिए उनकी सक्रियता जमीन पर नहीं दिख रही है। एक हफ्ते का समय बीत चुका है, लेकिन राजनीतिक पार्टियों की ओर से एक भी आपत्ति दर्ज नहीं की गई है। इस वजह से सरकार और एनडीए (NDA) को कांग्रेस, आरजेडी समेत दूसरी पार्टियों को बैकफुट पर लाने का एक और मौका मिल गया है।
यह भी पढ़ें: Bihar Election में नहीं गलेगी राहुल की दाल? महाराष्ट्र-कर्नाटक धांधली आरोपों में कितना दम? 5 Point में समझें
सरकार का लगातार कहना है कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और अगर कोई गड़बड़ी होती भी है, तो विपक्षी दलों के पास अपने बीएलओ के माध्यम से इसमें सुधार करने का पूरा अवसर है। संसद से सड़क तक आरजेडी और कांग्रेस के नेता इसके खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। जमीन पर इनके कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के मतदाताओं के नाम कटने का जो दावा कर रहे हैं, उसमें सुधार के लिए सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक के नेताओं के साथ डिनर पार्टी में राहुल गांधी ने दिखाए चुनाव में धोखाधड़ी के सबूत, SIR पर चर्चा हुई
चुनाव आयोग पर राहुल गांधी ने लगाए आरोप, मचा सियासी घमासान
बता दें कि एक दिन पहले ही गुरुवार (7 अगस्त) को राहुल गांधी ने एक प्रजेंटेशन के जरिए मतदान में गड़बड़ी का दावा करते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इंडिया गठबंधन के नेताओं की डिनर पार्टी में भी उन्होंने यह प्रेजेंटेशन दिखाया है। हालांकि, बिहार में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता वोटर लिस्ट संशोधन में गड़बड़ी का दावा जरूर कर रहे हैं, लेकिन उसमें सुधार के लिए बिल्कुल भी एक्टिव नहीं हैं। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा है कि वह हलफनामा दाखिल करें।












Click it and Unblock the Notifications