कौन हैं बिहार के मंत्री मंगल पांडे, जिनकी संपत्ति पर PK ने किया चौंकाने वाला खुलासा, पत्नी पर भी सनसनीखेज आरोप
Bihar Minister Mangal Pandey Net Worth: बिहार की राजनीति में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गए हैं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे। वजह है जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर (PK) के ताबड़तोड़ आरोप। प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि मंगल पांडे की पत्नी उर्मिला पांडे के बैंक खाते में 2.12 करोड़ रुपये हैं, जिसका हिसाब उन्होंने कभी सार्वजनिक नहीं किया।
यही नहीं प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि मंगल पांडे ने दिल्ली में फ्लैट खरीदने के लिए 25 लाख रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन उस वक्त उनकी पत्नी के बैंक खाते में 2 करोड़ थे। फिर कर्ज का दिखावा क्यों। सवाल उठ रहा है कि अगर मंत्री जी के पास करोड़ों की संपत्ति है तो उन्हें 25 लाख रुपये उधार लेने की जरूरत क्यों पड़ी? ऐसे में आइए जानते हैं कि प्रशांत किशोर ने मंगल पांडे और उनकी पत्नी पर क्या आरोप लगाए हैं। ये भी आपको बताएंगे कि मंगल पांडे की आखिर संपत्ति है कितनी।

🔵 प्रशांत किशोर का आरोप: 2.12 करोड़ रुपये का राज
प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीधे-सीधे आरोप लगाया कि मंगल पांडे ने दिल्ली के द्वारका इलाके में कोरोना काल के दौरान फ्लैट खरीदा। इसके लिए उन्होंने 25 लाख रुपये का कर्ज लिया, वह भी सीधे नहीं, बल्कि पिता के जरिए। दिलीप जायसवाल से लिए गए पैसे पहले पिता के खाते में गए, फिर वहां से पत्नी उर्मिला पांडे के खाते में पहुंचे और उसके बाद फ्लैट का पेमेंट किया गया।
प्रशांत किशोर का कहना है कि अगर मंत्री जी के पास पैसे नहीं थे, तभी तो कर्ज लिया, लेकिन उसी समय पत्नी के खाते में 2.12 करोड़ रुपये मौजूद थे। आखिर यह पैसा कहां से आया और क्यों इसका खुलासा नहीं किया गया? इतना ही नहीं प्रशांत किशोर ने मंगल पांडे की उर्मिला के पंजाब नेशनस बैंक के खातें का नंबर भी बताया और धमकी दी कि आगे वो इसका खुलासा करेंगे कि आखिर ये पैसा आया कहां से था।
🔵 Mangal Pandey Net Worth: मंगल पांडे की घोषित संपत्ति
- मंगल पांडे की कुल संपत्ति (चल-अचल) 3 करोड़ 85 लाख 56 हजार रुपये है। उनपर 24 लाख का कर्ज है। उनके पास 80 हजार रुपये कैश है।
- मंगल पांडे के बैंकों, वित्तीय संस्थानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में कुल 2 करोड़ जमा हैं।
- NSS और पोस्टल सेविंग में 4 लाख रुपये निवेश हैं। मंगल पांडे और उनकी पत्नी के पास 31 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने हैं।

🔵 Who is Mangal Pandey: मंगल पांडे का परिचय और राजनीतिक सफरनामा
मंगल पांडे का जन्म 9 अगस्त 1972 को बिहार के सीवान जिले के महाराजगंज में हुआ। वे एक ब्राह्मण किसान परिवार से आते हैं। पढ़ाई-लिखाई सीवान से ही की और धीरे-धीरे राजनीति में कदम रखा।
1987 में उन्होंने ABVP से जुड़कर सक्रिय राजनीति में एंट्री की। उस दौर में वे सरकार विरोधी पर्चे छापते और आंदोलनों में शामिल होते थे। धीरे-धीरे संघ और भाजपा से उनका रिश्ता मजबूत हुआ और 1989 में वे भाजपा के प्राथमिक सदस्य बने।
🔵 युवा नेता से BJP के प्रदेश अध्यक्ष तक
राजनीति में आगे बढ़ते हुए मंगल पांडे को 1990 के दशक में भाजपा युवा मोर्चा की जिम्मेदारियां मिलीं। 2000 में वे भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष बने और लालू यादव सरकार के खिलाफ "जवाब दो हिसाब दो" अभियान चलाकर सुर्खियों में आए।
यह वही समय था जब उन्होंने राज्यभर में बड़ी संख्या में युवाओं को अपने साथ जोड़ा। गिरफ्तारी झेलने के बाद उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई।
2013 में भाजपा ने उन्हें बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। उनके नेतृत्व में 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने बिहार की 40 में से 31 सीटों पर जीत हासिल की। हालांकि बाद में विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

🔵 फिलहाल क्या कर रहे हैं मंगल पांडे?
आज की तारीख में मंगल पांडे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री हैं और भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। उनका राजनीतिक कद प्रदेश में लगातार बढ़ा है।
लेकिन अब प्रशांत किशोर के आरोपों ने उनकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 25 लाख के कर्ज और 2.12 करोड़ रुपये की गुत्थी अब चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा है। PK ने यहां तक कहा है कि अगर मंगल पांडे जवाब नहीं देंगे तो वे खुलासा करेंगे कि यह पैसा किन-किन खातों से आया है।
बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप नई बात नहीं है, लेकिन किसी मंत्री की पत्नी के बैंक अकाउंट का नंबर सार्वजनिक कर देना वाकई गंभीर मामला है। इससे न सिर्फ राजनीतिक हलचल मची है, बल्कि भाजपा को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि मंगल पांडे इस मामले में सफाई देते हैं या चुप्पी साधे रहते हैं। अगर वे जवाब देते हैं तो यह मामला शांत हो सकता है, वरना PK ने जो धमकी दी है, उसके बाद नए खुलासे सामने आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications