Bihar Politics: '25 से 30, फिर से नीतीश!', जेडीयू का पोस्टर वार या फिर सियासी सफाई?
Bihar Politics: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी जोरों पर है। चुनावी माहौल के बीच सियासी बयानबाजी ने भी तेजी पकड़ ली है। इस बीच जेडीयू (JDU) ने बुधवार को पटना में पार्टी कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाकर एक सियासी संदेश दिया है, जिसने सत्ता के समीकरणों पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
पटना स्थित जेडीयू कार्यालय के बाहर लगाए गए तीन नए पोस्टरों में सबसे प्रमुख पोस्टर में नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ लिखा गया है - "25 से 30, फिर से नीतीश"। इसके जरिए पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह आगामी चुनाव में नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा मानकर आगे बढ़ रही है।

अन्य दो पोस्टरों में नीतीश कुमार के विकास कार्यों को उजागर किया गया है। ये पोस्टर ना केवल महागठबंधन को जवाब हैं, बल्कि एनडीए (NDA) के भीतर चल रही चर्चाओं को भी विराम देने की कोशिश हैं।
विपक्ष के आरोप और बीजेपी की चुप्पी
महागठबंधन और खासतौर पर तेजस्वी यादव लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या चुनाव के बाद भी नीतीश कुमार ही सीएम बने रहेंगे? तेजस्वी ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा था कि वह पहले ही ऐलान करे कि परिणाम के बाद भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे।
विपक्ष की दलील है कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के साथ जो हुआ, वही हाल बिहार में भी नीतीश कुमार का हो सकता है। वे बार-बार इशारा करते हैं कि बीजेपी चुनाव के बाद कोई और चेहरा सामने ला सकती है।
NDA के भीतर भी चल रही थी चर्चा
बीजेपी की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं आया था कि नीतीश ही चेहरा होंगे या नहीं। इससे एनडीए में 'बड़े भाई-छोटे भाई' की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई थीं। लेकिन जेडीयू के इस पोस्टर वार से यह संकेत मिला है कि पार्टी खुद को एनडीए में बड़े भाई की भूमिका में देख रही है और मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी।












Click it and Unblock the Notifications