NDA से खींचतान के बीच CM बनने की तैयारी में चिराग पासवान, ऐसे बिगड़ सकता है पूरा खेल
Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष और हाजीपुर सांसद चिराग पासवान इन दिनों बिहार की राजनीति में नए सिरे से चर्चा में हैं। हाल के दिनों में उनके बयानों और गतिविधियों ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। बीजेपी के निर्णयों पर लगातार सवाल उठाने वाले चिराग पासवान अब मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं, लेकिन यह सवाल उठता है कि वह यह सपना कैसे पूरा करेंगे?
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच मुख्यमंत्री की कुर्सी पहले से ही सुरक्षित मानी जाती है। जहां NDA में नीतीश कुमार अभी भी मुख्यमंत्री पद के प्रमुख चेहरे हैं, वहीं राजद में तेजस्वी यादव को इस पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

महागठबंधन में भी तेजस्वी ही सीएम के रूप में देखे जा रहे हैं। ऐसे में चिराग पासवान का मुख्यमंत्री बनने का सपना थोड़ा मुश्किल नजर आता है, क्योंकि उनके पास इतना बड़ा जनाधार नहीं है।
चिराग की सीएम बनने की तैयारी
NDA में नीतीश कुमार का वर्चस्व कायम है और राजद में तेजस्वी यादव का दबदबा है। महागठबंधन में भी तेजस्वी ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। ऐसे में अन्य नेताओं की सीएम बनने की ख्वाहिशों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। सम्राट चौधरी और उपेंद्र कुशवाहा जैसे नेताओं ने भी मुख्यमंत्री बनने की कोशिशें की थीं, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। अब चिराग पासवान की नजरें इस कुर्सी पर हैं, और खबरें आ रही हैं कि वह प्रशांत किशोर के साथ मिलकर एक बड़ा खेल खेलने की तैयारी में हैं।
प्रशांत किशोर के साथ मिलकर खेलेंगे बड़ा दांव
प्रशांत किशोर की जन सुराज अभियान में अभी तक कोई मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं उभरा है। प्रशांत किशोर के पास इतनी काबिलियत मानी जाती है कि वह किसी को भी मुख्यमंत्री बना सकते हैं। इस बीच, चिराग पासवान का नाम भी चर्चा में है।
प्रशांत किशोर ने अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और बीजेपी पर हमले किए हैं, लेकिन चिराग पासवान पर कोई निशाना नहीं साधा है। इससे अटकलें तेज हो गई हैं कि शायद चिराग और प्रशांत किशोर के बीच कोई गुप्त समझौता हो सकता है।
चिराग पासवान दे चुके पॉजिटिव साइन
चिराग पासवान ने भी हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में प्रशांत किशोर की तारीफ की और कहा कि वह बिहार में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। भले ही चिराग पासवान अभी सार्वजनिक रूप से यह कह रहे हैं कि वह नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उड़ रही अफवाहों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि चिराग के मन में कुछ और ही चल रहा है।
बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि चिराग पासवान और प्रशांत किशोर की जोड़ी क्या नया मोड़ लेती है, और क्या चिराग पासवान वाकई मुख्यमंत्री बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए एनडीए का साथ छोड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications