Bihar: ट्रेन में चुपचाप बैठी थी नाइजीरियन महिला, पटना में DRI ने बैग खोला तो फटी की फटी रह गईं आंखें, अरेस्ट
Nigerian Woman Arrested Bihar: बिहार के पटलिपुत्र रेलवे जंक्शन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वोत्तर एक्सप्रेस से सफर कर रही एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के बैग से करीब 2.949 किलोग्राम मेथाक्वालोन ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 29.49 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीआरआई को पहले से इस खेप की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही कार्रवाई की गई। अब एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क और ड्रग्स के रिसीवर की तलाश में जुटी हैं।

पूर्वोत्तर एक्सप्रेस में ऐसे हुई कार्रवाई
डीआरआई की टीम को पहले से सूचना मिली थी कि पूर्वोत्तर एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद ट्रेन संख्या 12505 के पटलिपुत्र जंक्शन पहुंचते ही अधिकारियों ने फर्स्ट एसी के एच-1 कोच में सीट नंबर-9 पर सफर कर रही महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2,949 ग्राम मेथाक्वालोन बरामद हुआ। बरामदगी के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया और एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
ये भी पढ़ें: मंत्री जी थे सामने, सरकारी बाबू ने फरियादी से मांग ली 50 हजार की रिश्वत, फिर जो हुआ हो गया वायरल
29.49 लाख का ड्रग्स, दिल्ली पहुंचाने की थी तैयारी
पूछताछ में गिरफ्तार महिला की पहचान नाइजीरिया की रहने वाली कीमती ओघेनेमारो ओमोफे के रूप में हुई। उसने डीआरआई अधिकारियों को बताया कि वह यह ड्रग्स असम के कामाख्या से लेकर नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल जा रही थी। वहां उसे यह खेप एक व्यक्ति को सौंपनी थी। हालांकि, इससे पहले ही पटलिपुत्र जंक्शन पर डीआरआई ने उसे पकड़ लिया। अधिकारियों के मुताबिक बरामद मेथाक्वालोन की बाजार कीमत करीब 29 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है।
पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मादक पदार्थ की खेप किसने तैयार करवाई और इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इसके पीछे कोई अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट तो सक्रिय नहीं है। महिला से पूछताछ के आधार पर कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों तक भी जल्द पहुंचा जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Bihar: बिहार में युवाओं के लिए खुला नौकरियों का पिटारा, 32 हजार शिक्षक और 22 हजार आंगनबाड़ी पदों पर होगी बहाली
रेल मार्ग से बढ़ रही तस्करी, निगरानी हुई सख्त
हाल के महीनों में ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले सामने आने के बाद जांच एजेंसियों ने रेलवे स्टेशनों और लंबी दूरी की ट्रेनों पर निगरानी बढ़ा दी है। डीआरआई, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से संदिग्ध यात्रियों और सामान की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


Click it and Unblock the Notifications
