आम के लिए दबंगों ने दो मासूम बच्चियों को चिलचिलाती धूप में बांधा फिर लोहे से दागा, पानी मांगने पर की पिटाई
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के पीपरा पुलिस थाना क्षेत्र के शितलपट्टी गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां आम तोड़ने पर तेज चिलचिलाती धूप में दो मासूम बच्चियों को बांध कर रखा गया फिर उन्हें गर्म सलाखों से दागा गया है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के अनुसार पीने के पानी के लिए तड़पती बच्चियों की पिटाई की जाती रही। जब परिजन बच्चियों को छुड़ाने गए तो उनके साथ भी दबंगों ने दुर्व्यवहार किया।

पिकअप गाड़ी में बांध दिया
इसके बाद जब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चियों को छुड़वाया। बीते सोमवार की सुबह शौच के लिए दोनों मासूम बच्चियां गई हुई थीं। इसी दौरान उन्होंने आम के बगीचे में गिरे टिकोले उठा लिए, जिसके बाद बगीचे का मालिक दोनों बच्चियों पर कहर बनकर टूट पड़ा। शिकायत के अनुसार पहले बच्चियों के हाथ रस्सी से बांध कर पिकअप से बांध दिया। फिर सुबह छह बजे से बच्चियों को दिन के तीन बजे तक कड़ी धूप में पिटाई होती रही।

लोहे की रॉड से भी दागा
इस बीच एक बच्ची को गर्म सलाकों से दागा भी गया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित बच्ची की मां गिड़गिड़ाते रही। बच्ची की मां ने बताया कि गिड़गिड़ाने के बाद भी दबंगों को तनिक भी दया नहीं आई। बच्चियां पानी की मांग करती तो दबंग उनकी पिटाई करने लगते। बताया जा रहा है कि इस बीच ग्रामीणों ने भी बच्चियों को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन दबंग उनकी बात नहीं माने।

आम के टिकोले उठाने पर पीटा
बच्चियों ने बताया कि गिरे आम के टिकोले उठाने पर बांध कर पिटाई हुई और एक को लोहे की रॉड को गर्म कर दागा गया, जिसके निशान उसके पीठ पर हैं। ग्रामीण सीमा देवी और बीरेन्द्र साह ने बताया कि सुबह से ही बच्चियों पर दबंग कहर बरपाते रहे। कई बार गुहार लगाने के बाद भी वे नहीं छोड़े। ग्रामीण नरेश साह ने बताया कि विनोद साह और साधु साह ने दोनों बच्चियों को छुड़ाने गये ग्रामीणों से दुर्व्यवहार किया है। जिसके बाद पुलिस को सूचना देने पर पीपरा थाना ने बच्चियों को मुक्त कराया है। साथ ही विनोद साह को पुलिस अपने साथ लेकर गई।












Click it and Unblock the Notifications