Bihar IPS Transfer: AK-47 फायरिंग-भरत तिवारी केस के बाद 17 IPS का तबादला, सिवान-भोजपुर के नए SP कौन?
Bihar IPS Transfer: बिहार में मंगलवार (18 अगस्त) को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ। राज्य सरकार ने 17 वरिष्ठ IPS अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें सिवान और भोजपुर के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं। इन दोनों जिलों में हाल के दिनों में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आए थे। सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी के AK-47 से फायरिंग करने का वीडियो सामने आया था, जबकि भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर सवाल उठे थे।
सिवान के SP पूरन कुमार झा को नई पोस्टिंग की प्रतीक्षा में रखा गया है। उनकी जगह भरत सोनी को सिवान का नया SP बनाया गया है। वहीं, भोजपुर के SP राज का भी तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह अवधेश दीक्षित को जिले की कमान सौंपी गई है। खास बात यह है कि सिवान की घटना के 24 दिन बाद और भोजपुर के भरत तिवारी केस के 2 महीने बाद प्रशासन के तबादले की खबर सामने आई है। हालांकि, सरकार के आदेश में इन तबादलों को हालिया विवादों से सीधे तौर पर जोड़ने की कोई वजह नहीं बताई गई है। आइए विस्तार से जानते हैं कि कहां किसे नई तैनाती?

Siwan AK-47 Firing: सिवान में AK-47 से फायरिंग का क्या मामला है?
आपको बता दें कि, सिवान में 25 जुलाई 2026 को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 नजर आने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों के बीच AK-47 से फायरिंग करता दिखाई दिया था। बाद में पुलिसकर्मी की पहचान अभिषेक कुमार के तौर पर हुई। वह सिवान SP पूरन कुमार झा के बॉडीगार्ड के रूप में तैनात थे। घटना के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और विभागीय जांच शुरू की गई। अब SP पूरन कुमार झा के तबादले के बाद इस कार्रवाई को AK-47 विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि सिवान की AK-47 वाली घटना के 24 दिन बाद ही SP को हटा दिया गया।
सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में फायरिंग पर क्या कहा?
सिवान में AK-47 से फायरिंग के मामले पर बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखा है। सरकार के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार प्रदर्शनकारियों से घिर गए थे। इसके बाद उन्होंने अपनी AK-47 से चार राउंड हवा में फायरिंग की। सरकार का कहना है कि फायरिंग का मकसद भीड़ को पीछे हटाना और अपनी सुरक्षा करना था। जिस जगह से AK-47 से गोली चली, वहां कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
हालांकि, इस घटना ने पुलिस की कानून-व्यवस्था व्यवस्था और प्रदर्शन के दौरान अत्याधुनिक हथियार के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।
फिर तीन प्रदर्शनकारी कैसे घायल हुए?
बिहार सरकार के मुताबिक, 25 जुलाई की हिंसक घटनाओं के दौरान तीन प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। हालांकि, सरकार ने इन चोटों को AK-47 से हुई फायरिंग से जोड़ने से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों अलग-अलग स्थानों पर घायल हुए थे, जबकि AK-47 से फायरिंग की घटना JP चौक के पास हुई थी। पुलिस का कहना है कि घायल प्रदर्शनकारी उस स्थान पर मौजूद नहीं थे, जहां से अभिषेक कुमार ने हवा में गोली चलाई थी।
एक और जगह 9mm पिस्तौल से फायरिंग
सुप्रीम कोर्ट के सामने रखे गए राज्य सरकार के पक्ष में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग की एक दूसरी घटना का भी जिक्र किया गया है। सरकार के मुताबिक, हाथी चौक के पास एक पुलिस अधिकारी ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए अपनी 9mm पिस्तौल से दो राउंड फायर किए थे। राज्य का कहना है कि पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की और जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल नहीं किया। वहीं, इस तरह की घटनाओं ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के हथियारों के इस्तेमाल और कमांड चेन पर सवाल खड़े किए हैं।
AK-47 को लेकर तेजस्वी यादव ने क्या पूछा?
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सिवान की घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका मुख्य सवाल यह रहा कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के पास AK-47 जैसी राइफल पहुंची कैसे? उन्होंने यह भी पूछा कि हथियार जारी करने की अनुमति किस अधिकारी ने दी और इसे जारी करने वाली पूरी कमांड चेन की जांच क्यों नहीं की जानी चाहिए?
Bhojpur SP का भी तबादला, भरत तिवारी एनकाउंटर की चर्चा
सिवान के साथ भोजपुर के SP राज का भी तबादला किया गया है। उनके कार्यकाल में सामाजिक कार्यकर्ता भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर विवाद और सवाल उठे थे। अब भोजपुर की कमान अवधेश दीक्षित को दी गई है। इसलिए मंगलवार के फेरबदल में सिवान और भोजपुर के SP का स्थानांतरण खास तौर पर चर्चा में है। दोनों जिलों में हाल के पुलिस एक्शन को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक बहस हुई है। मुद्दे के बात यह है कि 17 जून 2026 को हुए भरत तिवारी केस के 2 महीने बाद संबंधित SP राज को हटा दिया गया है।
Who Is IPS Avdhesh Dixit: IPS अवधेश दीक्षित कौन हैं? भोजपुर की कमान
भोजपुर की कमान 2019 बैच के बिहार कैडर के IPS अधिकारी अवधेश दीक्षित को दी गई है। आधिकारिक IPS सिविल लिस्ट के मुताबिक, उनका जन्म 1 अगस्त 1991 को राजस्थान में हुआ। उन्होंने IIT बॉम्बे से B.Tech किया है। उन्होंने 26 अगस्त 2019 को IPS ज्वाइन किया। SP के तौर पर गोपालगंज और बाद में लखीसराय में जिम्मेदारी संभाली। मार्च 2026 की रिपोर्ट में उन्हें लखीसराय SP रहे हैं।
Who Is IPS Bharat Soni: IPS भरत सोनी कौन हैं? अब सिवान की कमान
सिवान की कमान अब 2019 बैच के बिहार कैडर के IPS अधिकारी भरत सोनी को दी गई है। आधिकारिक IPS सिविल लिस्ट में उनका नाम Bharat Soni, RR 20191047 के रूप में दर्ज है। उनकी शैक्षणिक योग्यता B.Com बताई गई है। 26 अगस्त 2019 को IPS ज्वाइन किया। राजस्थान के भरत सोनी गया में ASP के तौर पर काम किया और बाद में बाढ़ SDPO समेत कई पदों पर रहे। 2024 में उन्हें पटना सिटी SP (East) से नालंदा SP बनाया गया था।
आइए अब एक नजर पूरी लिस्ट पर...
DIG स्तर के अधिकारियों के तबादले
बिहार सरकार के बड़े IPS फेरबदल में DIG स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। सरकार के आदेश के मुताबिक, 2010 से 2012 बैच के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
- अनिल कुमार (2010 बैच) को DIG, मद्य निषेध एवं एएनटीएफ, बिहार, पटना बनाया गया है।
- मृत्युंजय कुमार चौधरी (2010 बैच) को DIG, नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
- राजीव रंजन-2 (2012 बैच) को DIG, विशेष निगरानी इकाई नियुक्त किया गया है।
- अजय कुमार पाण्डेय (2012 बैच) को DIG, वितंतु एवं तकनीकी सेवाएं की जिम्मेदारी मिली है।
- आमिर जावेद (2012 बैच) को DIG, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- सुशील कुमार (2012 बैच) को DIG, मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- मिथिलेश कुमार (2012 बैच) को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है।
किन जिलों में बदले गए SP?
IPS अधिकारियों के तबादले में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। इनमें सिवान और भोजपुर जैसे जिले खास तौर पर चर्चा में हैं, जहां हाल में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आए थे।
- हृदय कांत (2015 बैच) को नालंदा का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
- राजेश कुमार (2016 बैच) को SP, एएनटीएफ, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जिम्मेदारी दी गई है।
- मनीष कुमार (2017 बैच) को SP, विशेष निगरानी इकाई नियुक्त किया गया है।
- विनीत कुमार (2017 बैच) को SP, आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) बनाया गया है।
- पूरन कुमार झा (2018 बैच) को सिवान SP के पद से हटाकर फिलहाल पदस्थापना की प्रतीक्षा में बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना भेजा गया है।
- रामानंद कुमार कौशल (2018 बैच) को SP, विशेष निगरानी इकाई बनाया गया है।
- रौशन कुमार (2019 बैच) को सारण का वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया गया है।
- अवधेश दीक्षित (2019 बैच) को भोजपुर का नया SP बनाया गया है।
- भरत सोनी (2019 बैच) को सिवान का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
- मिस्टर राज (2019 बैच) को रोहतास का SP बनाया गया है।
- गरिमा (2022 बैच) को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर की कमान से हटाकर SP, कमजोर वर्ग एवं महिला कोषांग, CID, पटना की जिम्मेदारी दी गई है।


Click it and Unblock the Notifications
