Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Bihar Election 2025: चुनावी बिगुल बजने के बाद भी महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर घमासान, आखिर कहां फंसा है पेंच?

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में दो चरणों में मतदान होगा - पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को। चुनाव आयोग की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दल अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुके हैं। वहीं, विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' (INDIA alliance) में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंस गया है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने पटना के पोलो रोड स्थित अपने आवास पर लगातार दो दिनों से बैठकों का दौर चला रखा है। बताया जा रहा है कि गठबंधन के अंदर लगभग 80 फीसदी सीटों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन कुछ सहयोगी दलों की मांगों के कारण औपचारिक घोषणा अब तक नहीं हो पाई है।

bihar-election-mahagathbandhan-seat-sharing-despite

कांग्रेस की जिद बनी बड़ी अड़चन?

2020 के विधानसभा चुनाव में जो महागठबंधन मैदान में था, वही अब नए नाम 'इंडिया गठबंधन' के रूप में चुनाव में उतर रहा है। इस गठबंधन में 8 राजनीतिक दल शामिल हैं -राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM), भाकपा माले, विकासशील इंसान पार्टी (VIP), झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा)।

तेजस्वी यादव को गठबंधन की समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वे सभी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस, वाम दल और वीआईपी अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े हुए हैं।

तेजस्वी यादव का मानना है कि कांग्रेस को उसके पिछले चुनावी प्रदर्शन के आधार पर इस बार 55 सीटें दी जानी चाहिएं। मगर, कांग्रेस इसके लिए तैयार नहीं है। वह 70 सीटों से कम पर चुनाव लड़ने के मूड में नहीं है।

वाम दल और VIP की भी अलग मांगें

कांग्रेस के अलावा वाम दलों की भी अपनी दावेदारी है। सीपीआई, सीपीएम और भाकपा माले मिलकर 40 सीटें मांग रही हैं। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी न केवल 20 सीटों की मांग कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने डिप्टी सीएम पद पर भी दावा ठोक दिया है।

गठबंधन सूत्रों के मुताबिक, अब तक जो फॉर्मूला लगभग तय हुआ है, उसके अनुसार -

  • राजद के खाते में करीब 130 सीटें
  • कांग्रेस को 55 सीटें
  • वाम दलों को 35 सीटें
  • वीआईपी को 20 सीटें मिल सकती हैं।

इसके अलावा, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की पार्टी रालोजपा को राजद कोटे से पांच सीटें देने पर सहमति बनी है।

बिहार कांग्रेस नहीं मान रही फॉर्मूला

हालांकि, यह फॉर्मूला अभी पूरी तरह से फाइनल नहीं हो पाया है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक, बिहार कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली हाईकमान से निर्देश मिलने तक कोई फैसला लेने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि पार्टी का राज्य में जनाधार बढ़ा है, इसलिए सीटों में कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी। राजद की ओर से तेजस्वी यादव चाहते हैं कि सीट बंटवारे पर जल्द से जल्द ऐलान हो, ताकि उम्मीदवारों की घोषणा और प्रचार की रणनीति पर काम शुरू किया जा सके।

राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी यादव अभी भी कांग्रेस नेतृत्व से सीधी बातचीत कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि बिहार में विपक्ष की एकता बनी रहे और सीट बंटवारे को लेकर कोई सार्वजनिक विवाद न हो। गठबंधन की अगली बैठक आने वाले दो दिनों में फिर से बुलाई जा सकती है, जिसमें अंतिम फार्मूले पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

2020 में क्या था सीट शेयरिंग का पूरा फॉर्मूला

2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन (राजद, कांग्रेस, वामदल) ने 110 सीटें जीती थीं, जबकि NDA ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। उस समय RJD को 75, कांग्रेस को 19 और वाम दलों को 16 सीटें मिली थीं। इस बार इंडिया गठबंधन उम्मीद कर रहा है कि एनडीए के खिलाफ जनता के असंतोष, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर उन्हें फायदा मिलेगा। हालांकि, सीट बंटवारे में हो रही देरी से कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

इंडिया गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर रस्साकशी जारी है। तेजस्वी यादव भले ही गठबंधन को एकजुट रखने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन सीट शेयरिंग ने समीकरणों को उलझा दिया है। अब देखना बड़ा ही दिलचस्प होगा कि तेजस्वी की सियासी समझदारी इन पेचों को कैसे सुलझाती है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+