'अध्यक्ष जी बताइए क्या करें, टिकट दिलवाइए', कांग्रेस में घोटाला शुरू, MLA आलम का वायरल ऑडियो सुन दंग रह जाएंगे
Bihar Election 2025 (Congress MLA Afaq Alam): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस पार्टी पर टिकटों की खरीद-फरोख्त को लेकर नए आरोप सामने आए हैं। ये आरोप बिहार के पूर्णिया जिले की कस्बा विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री और चार बार के विधायक आफाक आलम ने लगाया है। आफाक आलम का कांग्रेस से टिकट कट गया है। उन्होंने पार्टी पर 'टिकट चोर' होने का आरोप लगाया और कहा कि जो कांग्रेस एनडीए पर 'वोट चोर' होने का आरोप लगाती है वही खुद पैसों के आधार पर टिकट बांटती है।
आलम ने बताया कि उनका टिकट साजिश और धनबल के तहत काटा गया है और इस तरह के टिकट पाने वाले विजेता केवल अपनी रकम वापस निकालेंगे। इसी बीच आफाक आलम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि कैसे टिकटों के बंटवारे में पैसों का खेल और दबाव का खेल चल रहा है। वनइंडिया हिंदी ने इस ऑडियो की पुष्टि नहीं की है, लेकिन वायरल क्लिप में बातचीत की झलक स्पष्ट है।

आफाक आलम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बीच वायरल ऑडियो में क्या हुई बातचीत?
आफाक आलम: "अध्यक्ष जी, बताइए ना, अब हम क्या करें, बैठे हुए हैं?"
राजेश राम: "यहां एक मुकतु हैं, कोई इरफान हैं। आपके टिकट पर हम साइन कर दिए हैं, लेकिन अब प्रभारी के पास है। खेल, हाथी, घोड़ा सब हो रहा है।"
आफाक आलम: "तो हमको दे दिजिए?"
राजेश राम: "हम तो साइन करके दे ही दिए हैं, अब क्षेत्र पर चले आए।"
आफाक आलम: "धन्यवाद आपका सर।"
इस बातचीत में राजेश राम ने साफ कहा कि टिकटों के साइन तो कर दिए गए हैं, लेकिन प्रभारी के पास अभी रोक है।
आफाक आलम: "तो फिर ये क्या खेल हो रहा है सर?"
राजेश राम: "खेल, हाथी-घोड़ा सब हो रहा है। हमने कहा था कि किसी भी विधायक का टिकट नहीं कटना चाहिए।"
आफाक आलम: "आप ऊपर खबर कर दीजिए सर।"
राजेश राम: "अभी पप्पू यादव लगा हुआ है।"
आफाक आलम: "किसके पीछे लगा हुआ है पप्पू यादव? ये हमारी पार्टी का क्या है?"
राजेश राम: "यह तो आप ऊपर पूछिएगा।"
आफाक आलम ने क्या कहा?
ऑडियो वायरल होने के बाद आफाक आलम ने न्यूज 18 से कहा कि यह बातचीत उनके और राजेश राम के बीच की ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकटों की बिक्री हुई और यह टिकट उन लोगों को दिए गए जो पहले चुनाव में हारे हुए थे।
आफाक आलम ने कहा, "बिहार कांग्रेस में टिकट देने की जिम्मेदारी आल्वारू, राजेश राम और शकील खान की थी। हम लगातार संपर्क कर रहे थे, लेकिन जवाब नहीं मिला। दूसरे चरण में हमें टिकट मिलना चाहिए था, लेकिन धीरे-धीरे पता चला कि पप्पू यादव ने पैसा लेकर टिकट बांटे। जो उम्मीदवार मिले, उनका जनाधार नहीं था और समिति में हारे हुए थे। पैसे लेकर टिकट दिया गया। इस तरह पार्टी को मनमाने ढंग से नुकसान पहुँचाया जा रहा है।"
आफाक आलम ने यह भी कहा कि उन्होंने इस मामले को राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल तक पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में टिकट बेचने की यह साजिश चल रही है और किशनगंज में भी इसी तरह का प्रयास हुआ।
कांग्रेस में उठते सवाल
इस ऑडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस में टिकट बंटवारे और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। आफाक आलम ने साफ कहा कि अगर पार्टी में इस तरह का खेल चलता रहा, तो इसका असर न केवल संगठन पर बल्कि आगामी चुनाव पर भी पड़ेगा।
आफाक आलम का आरोप है कि पार्टी में कुछ लोग टिकट बेचने और दबाव बनाने में शामिल हैं, जिससे पार्टी की साख और भविष्य खतरे में है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि इस मामले में कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications