Bihar Election 2025: राहुल गांधी गायब, तेजस्वी बने CM फेस, BJP बोली- ये किस नैतिकता से चुनाव लड़ रहे
Bihar Election 2025: महागठबंधन ने आखिरकार बिहार चुनाव 2025 के लिए अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर दिया है। जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने घोषणा की कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के सीएम फेस होंगे। वहीं दो डिप्टी सीएम होंगे, एक वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और दूसरा किसी अन्य समाज से चुना जाएगा।
हालांकि इस घोषणा के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा पलटवार किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस से राहुल गांधी की तस्वीर गायब होने को लेकर तंज कसा। असल में महागठबंधन की पीसी में लगाए गए पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर नहीं लगी थी।

राहुल गांधी के बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बीजेपी का हमला
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, "आज जो प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, उसमें हर पार्टी का सिंबल था, लेकिन राहुल गांधी का फोटो नहीं था। आखिर कांग्रेस के शीर्ष नेता की तस्वीर क्यों गायब थी? क्या महागठबंधन के भीतर दरार इतनी गहरी हो गई है कि राहुल गांधी को पोस्टर से ही हटा दिया गया?"
उन्होंने आगे कहा, "इस गठबंधन में तालमेल की कमी साफ दिख रही है। 243 सीटों के राज्य में ये लोग 255 सीटों पर लड़ रहे हैं। यही नहीं, गौराबौराम सीट पर तो मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इससे बड़ा मजाक क्या हो सकता है?"
बीजेपी का वार-भ्रष्टाचार का चेहरा है तेजस्वी
रविशंकर प्रसाद ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महागठबंधन ने बिहार के सामने भ्रष्टाचार का चेहरा पेश किया है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव जिनके पिता लालू प्रसाद यादव चार चारा घोटालों में दोषी ठहराए जा चुके हैं और कुल 32.5 साल की सजा काट रहे हैं, वही अब मुख्यमंत्री बनने का दावा कर रहे हैं। खुद तेजस्वी यादव पर भी आईपीसी की धारा 420 के तहत केस चल रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले को 'गंभीर भ्रष्टाचार' बताया है। ऐसे में ये लोग किस नैतिकता से चुनाव लड़ रहे हैं?"
'नीतीश और मोदी के नेतृत्व में बिहार का विकास'
बीजेपी नेता ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि बिहार में असली विकास किसने किया है। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है। महागठबंधन के पास ना कोई योजना है, ना विजन। ये सिर्फ वादों और झूठ की राजनीति करते हैं। तेजस्वी यादव का वादा कि जीविका दीदियों को 30 हजार वेतन देंगे और सबको स्थाई नौकरी देंगे, ये सिर्फ लोगों को भ्रमित करने की कोशिश है। जिनके अपने घर में भ्रष्टाचार की बुनियाद रखी है, वो बिहार में ईमानदारी कैसे लाएंगे?"
'महागठबंधन कमजोर और बिखरा हुआ'
बीजेपी ने महागठबंधन को कमजोर और बिखरा हुआ बताते हुए कहा कि गठबंधन के भीतर 'फ्रेंडली फाइट' चल रही है और जनता सब देख रही है। रविशंकर प्रसाद ने कहा, "ये गठबंधन नाम का महागठबंधन है, लेकिन असल में इसमें ना एकता है, ना दिशा। राहुल गांधी का गायब फोटो इसका सबसे बड़ा सबूत है।"
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होने हैं, जबकि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। एनडीए और महागठबंधन के बीच यह सीधी लड़ाई बताई जा रही है, लेकिन दोनों गठबंधन में अंदरूनी कलह ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications