हैं ना गजब बिहार! मधुबनी कलेक्ट्रेट की होगी नीलामी, कोर्ट के आदेश ने मचा दी हलचल, क्या है पूरा मामला?
Bihar DM office Auction: सोचिए ज़रा... जिस सरकारी दफ्तर से जिले की कानून-व्यवस्था, प्रशासन और विकास की चाबी चलती है, उसी DM और SP ऑफिस की दीवार पर कोर्ट का नीलामी नोटिस चिपका दिया जाए! लगेगा किसी फिल्म का सीन है, लेकिन ये हकीकत है और बिहार की है! मधुबनी समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) की अब नीलामी हो सकती है। वजह? एक पुराने कोर्ट आदेश की लगातार अनदेखी और 4 करोड़ 17 लाख रुपये से ज़्यादा की बकाया राशि!
क्या है मामला?
दरअसल, यह मामला सालों पुराना है। 1996-97 में बंद हुई पंडौल कोऑपरेटिव सूत मिल को फिर से शुरू करने के लिए कोलकाता की कंपनी मेसर्स राधा कृष्ण एक्सपोर्ट्स प्रा. लि. ने समझौता किया था। कंपनी ने एडवांस में पैसा और माल दिया, लेकिन जब बिल मांगा गया, तो देने से इनकार कर दिया गया। झगड़ा बढ़ा, मिल फिर बंद हो गई, और मामला कोर्ट में पहुंचा। हाईकोर्ट के तत्कालीन जस्टिस घनश्याम प्रसाद ने 2014 में आदेश दिया कि सरकार कंपनी को एडवांस रकम और ब्याज समेत भुगतान करे। लेकिन आदेश को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अब, कोर्ट ने दो टूक कह दिया है: अगर 15 दिनों में 4.17 करोड़ नहीं चुकाया गया, तो समाहरणालय की संपत्ति की नीलामी कर दी जाएगी। कोर्ट का नोटिस अब सीधे DM-SP दफ्तर के बाहर चिपका दिया गया है! यानी अब सरकार की गर्दन पर नीलामी की तलवार लटक रही है।

नोटिस में क्या लिखा है?
मधुबनी DM ऑफिस के बाहर जो पोस्टर चस्पा किया गया है। उसमें लिखा गया है कि, कार्यालय नाजिर, व्यवहार न्यायालय, मधुबनी, दिनांक: 17.06.2025
विषय: Arbritration Execution वाद सं. 03/2016 के अंतर्गत नीलामी संबंधी सूचना।
नोटिस बनाम: समाहर्त्ता, मधुबनी।
महोदय, उपरोक्त विषयक वाद Arbritration Execution Case No. 03/2016 में माननीय न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में, आपको यह सूचित किया जाता है कि डिक्रीधारी मेसर्स राधाकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्रा. लि., कोलकाता के पक्ष में आदेशित राशि का भुगतान 15 (पंद्रह) दिनों के भीतर करना अनिवार्य है।
यदि निर्धारित अवधि के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो समाहरणालय, मधुबनी की अधोलिखित अचल संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
नीलामी हेतु प्रस्तावित अचल संपत्ति का विवरण:
- स्थिति: मधुबनी शहर में स्थित समाहरणालय परिसर
- खेसरा संख्या: 4899
- रकवा: 2.05.67 (दक्षिणी दिशा से 10 कठ्ठा)
- संरचना: दो मंजिला भवन सहित भूमि
सीमाएं (चौहद्दी)
- उत्तर: पुलिस स्टेशन
- दक्षिण: सिविल कोर्ट
- पश्चिम: सिविल कोर्ट
- पूर्व: मुख्य मार्ग / रास्ता
आपसे निवेदन है कि उक्त आदेश का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, अन्यथा न्यायालय द्वारा नीलामी की कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए आप स्वयं उत्तरदायी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications