Bihar Crime News: भतीजी ने लेस्बियन रिलेशनशिप के लिए किया इनकार तो बुआ ने मौत के घाट उतारा, खौफनाक है कहानी
Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रिश्ते में लगने वाली बुआ ने अपनी नाबालिग भतीजी को मौत के घाट उतार दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव में 16 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध हालात में लाश मिली है। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि गला दबाकर हत्या की गई है। परिवार ने रिश्ते में बुआ लगने वाली काजल नामक युवती पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिवार ने बताया कि नाबालिग का शव घर में ही पाया गया था। गले पर दबाव के निशान थे। आरोप है कि काजल ने मृतका के गले में पड़ी रुद्राक्ष की माला से ही उसका गला घोंट दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

Bihar Crime News: पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को दिए आवेदन में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
Bihar Crime News: ग्रामीणों ने लगाए काजल पर गंभीर आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी काजल लंबे समय से नाबालिग पर दबाव बना रही थी। परिजनों का आरोप है कि काजल पहले भी गांव की कुछ लड़कियों और महिलाओं को फंसा चुकी है। आर्थिक मदद दिलाने का झांसा देकर अपने प्रभाव में लेती थी। उनसे अनैतिक कृत्य करने का दबाव बनाती थी। नाबालिग द्वारा इसका विरोध किए जाने पर उसकी हत्या कर दी गई।
इस पूरे मामले में सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है और प्रथम दृष्टया यह गला दबाकर हत्या का मामला लग रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी काजल को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने कहा कि परिजनों और ग्रामीणों के लगाए आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications