तेजस्वी के मुद्दे पर बिहार में टूटा महागठबंधन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा
बिहार में सियासी घटनाक्रम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू की अहम बैठक के तुरंत बाद राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी से मुलाकात के लिए रवाना हो चुके हैं।
पटना (बिहार)। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के मुद्दे पर सियासी घटनाक्रम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू की अहम बैठक के तुरंत बाद राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी से मुलाकात के लिए रवाना हो चुके हैं। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर झुकने को तैयार नहीं है। ऐसे में वो राज्यपाल को इस्तीफा सौंप देंगे।

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के मुद्दे पर महागठबंधन में जारी घमासान में नया मोड़ आ गया है। बुधवार को जेडीयू और आरजेडी दोनों पार्टियों ने ही विधायक दल की बैठक की। जेडीयू की ओर से लगातार तेजस्वी यादव के इस्तीफे की बातें आ रही थी लेकिन आरजेडी उन्हें हटाने को तैयार नहीं थी। इस बीच बुधवार को जेडीयू की बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने रवाना हो गए। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार इस्तीफा दे देंगे।
हालांकि इससे पहले आरजेडी विधायक दल की बैठक के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने साफ कर दिया कि तेजस्वी यादव इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने ये भी कहा कि नीतीश कुमार नाराज नहीं हैं। उनसे बातचीत चल रही है। लालू यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार भी तेजस्वी के इस्तीफे की बात नहीं की। तेजस्वी के इस्तीफे के मुद्दे पर आरजेडी के दो टूक फैसले के बाद जदयू विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा फैसला लिया है। माना जा रहा है कि राजभवन पहुंच कर नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे। फिलहाल अभी इसको लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications