Bihar Chunav: 'जननायक' शब्द सुनते ही क्यों तिलमिलाए तेजप्रताप? राहुल गांधी को लेकर दिया चौंकाने वाला बयान
Bihar Chunav: जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस नेताओं द्वारा राहुल गांधी को 'जननायक' (जनता का नायक) कहे जाने पर एक बार फिर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने इस शब्द की परिभाषा को लेकर एक बड़ा राजनीतिक बयान दिया, जिससे बिहार की गठबंधन राजनीति में हलचल मच गई है।
तेज प्रताप यादव ने साफ शब्दों में कहा कि 'जननायक' शब्द सिर्फ उन महान विभूतियों के लिए इस्तेमाल होना चाहिए जिन्होंने समाज और देश के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा, "कर्पूरी ठाकुर, लोहिया जी, अंबेडकर, महात्मा गांधी... ये 'जननायक' हैं। जो लोग खुद को 'जननायक' कह रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।

लालू जी राहुल और तेजस्वी के मार्गदर्शक- तेजप्रताप
उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव को भी जननायक माना, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि लालू जी अब राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को मार्गदर्शन देते हैं, जबकि वह (तेज प्रताप) बिहार के गरीब और युवा की 'गाइडेंस' पर आगे बढ़ रहे हैं।
तेज प्रताप ने इससे पहले राहुल गांधी के विदेश दौरे पर भी कटाक्ष किया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि, 'हो सकता है राहुल गांधी को विदेश ज्यादा पसंद आ गया होगा। उनका अब भारत से मन ऊब गया होगा। बिहार की मिट्टी से उनका मन ऊब गया।' उनका इशारा राहुल गांधी की बार-बार होने वाली विदेश यात्राओं की ओर था। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को सद्बुद्धि आनी चाहिए, क्योंकि एक बार उन्होंने संसद में अध्यादेश फाड़कर मां सरस्वती का अपमान किया था। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति देश और दुनिया का भला नहीं कर सकता है।
ये भी पढ़ें: Bihar Chunav 2025: RJD ने 27 नेताओं को पार्टी से निकाला, क्या टूटने लगा है लालू यादव का संगठनात्मक नियंत्रण?
स्वतंत्र राजनीतिक राह पर जोर
तेज प्रताप का यह बयान केवल कांग्रेस-राजद गठबंधन के आंतरिक मतभेदों को ही नहीं दर्शाता, बल्कि तेज प्रताप यादव के एक स्वतंत्र राजनीतिक धुरी बनने के प्रयासों को भी उजागर करता है। जनशक्ति जनता दल के मुखिया के रूप में, वह खुद को परिवार की छाया से अलग स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह अपने दम पर काम करके नतीजे दिखाएंगे, जिससे बिहार चुनाव से पहले राज्य में यादव परिवार विवाद और गहरा सकता है। उनका यह कदम उनकी पार्टी को बिहार के गरीब और पिछड़े वर्ग के बीच मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उन्होंने कहा, "मैं अपने दम पर काम करके परिणाम दिखाऊंगा।"
ये भी पढ़ें: Bihar Chunav 2025: 'खेसारी नचनिया तो क्या हेमा मालिनी सीता हैं', कौन हैं ओम प्रकाश सिंह जिन्होंने उगला जहर?












Click it and Unblock the Notifications