Bihar Chunav: BJP से नहीं अल्लाह से डरो', सीमांचल के मुसलमानों से बोले प्रशांत किशोर, ओवैसी को भी दी सलाह
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक दल युद्ध स्तर पर चुनाव प्रचार करने में जुटे हैं। सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन के खिलाफ जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर जमकर हमले कर रहे हैं।
27 अक्टूबर(सोमवार) को कटिहार में चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने सीमांचल के मुस्लिमों को भाजपा की बजाय अल्लाह से डरने की सलाह दी। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से खुलकर कहा कि वो अपने अधिकारों के लिए खड़े हों।

इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी हमला बोला, आरोप लगाया कि लालटेन (राजद का चुनाव चिन्ह) के लिए जलने का मतलब सिर्फ लालू प्रसाद यादव के घर में रोशनी करना है, जबकि उनके बच्चों का भविष्य अंधकारमय रहेगा।
सोमवार को कटिहार पहुंचे प्रशांत किशोर ने बीजेपी और आरजेडी दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने सीमांचल के मुस्लिम समुदाय से अपील की, "भाजपा से नहीं, अल्लाह से डरिए और हक का साथ दीजिए। लालटेन में किरासन तेल बन जलते रहेंगे तो लालूजी के घर रोशनी होगी, लेकिन आपके बच्चों का भविष्य अंधेरे में ही रहेगा।"
किशनगंज में प्रशांत किशोर ने कहा, "ओवैसी साहब मेरे दोस्त हैं। लेकिन मेरी उन्हें बिन माँगी सलाह है कि वो हैदराबाद संभालें। हैदराबाद में अपना गढ़ बचाएँ, सीमांचल में आकर बेवजह भ्रम न फैलाएँ। अगर आप हैदराबाद संभालते और वहाँ के मुसलमानों का भला करते, तो अच्छा होता। बंगाल में चुनाव हो रहे थे, ISF के लोग और ओवैसी साहब वहाँ पहुँचे, लेकिन सभी मुसलमानों ने कहा कि उन्हें TMC पर भरोसा है...ISF और ओवैसी साहब वहाँ कुछ नहीं कर पाए। इस बार सीमांचल के मुसलमान वो गलती नहीं करेंगे जो 2020 में हुई थी। ओवैसी साहब का सम्मान है, वो पढ़े-लिखे हैं, लेकिन उन्हें हैदराबाद में ही रहने दें। सीमांचल के बेटे ही सीमांचल के नेता होने चाहिए, हैदराबाद से यहाँ नेतृत्व स्थापित करने की कोई ज़रूरत नहीं है।"
प्रशांत किशोर ने छठ पर्व के लिए विभिन्न राज्यों से बिहार लौटे लोगों से भी बड़ी अपील की। उन्होंने उनसे "बस्ता छाप" (जन सुराज का चुनाव चिन्ह) पर वोट डालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर के बाद वे अपने कारखाने के मालिकों को सूचित करें कि वे वापस नहीं आएंगे, बल्कि अपने ही घरों में रोजगार करेंगे।
इस दौरान, उन्होंने कदवा, प्राणपुर और बलरामपुर क्षेत्रों में रोड शो किया और जनसंपर्क साधा। सालमारी चौक (प्राणपुर) और रास चौक (बारसोई) सहित कई स्थानों पर उन्होंने लोगों से मुलाकात की और जन सुराज प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। बलरामपुर सीट से अशाब आलम और प्राणपुर से सोनू सिंह निषाद जन सुराज के उम्मीदवार हैं।
इससे पहले, पूर्णिया में चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर के काफिले को पुलिस ने रोक लिया था। गाड़ियों की चेकिंग के कारण काफिला कुछ देर रुका रहा, जिसके बाद वह आगे बढ़ा। सूत्रों के अनुसार, छठ पूजा के बाद जन सुराज का चुनाव प्रचार और भी तेज होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications