Bihar Chunav: आरा की चुनावी रैली में PM Modi ने राजद पर साधा निशाना, तेजस्वी की CM उम्मीदवारी पर भी ली चुटकी
Bihar Chunav PM Modi: बिहार विधानसभा चुनाव में पहले फेज की वोटिंग में अब सिर्फ 3 ही दिन बचे हैं। बीजेपी और एनडीए के बाकी दल ही नहीं प्रदेश के चुनाव में हिस्सा ले रही सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की रविवार को सूबे में चुनावी रैलियां हैं। आरा की एक रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने इस रैली में महागठबंधन में तकरार और सीएम फेस को लेकर चली रस्साकशी पर भी निशाना साधा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि आरजेडी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद का चेहरा बने। आरजेडी ने बंदूक की नोक पर कांग्रेस से यह पद छीन लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इनमें आपस में ही कोई तालमेल नहीं है। कांग्रेस चाहती थी कि सीएम पद को लेकर महागठबंधन में सहमति बने, लेकिन आरजेडी ने कांग्रेस को दरकिनार कर दिया।

PM Modi ने महागठबंधन पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने महागठबंधन में तालमेल के अभाव पर निशाना साधते हुए कहा, 'कांग्रेस की राय उसके मुद्दे और उसके नेता किसी को भी आरजेडी ने महत्व नहीं दिया। यह गठबंधन नहीं, मजबूरी का मेल है।' उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता इन दोनों पार्टियों के असली चेहरे को पहचान चुकी है। उन्होंने कहा, 'आज आरजेडी और कांग्रेस के बीच इतनी नफरत है कि चुनाव से पहले ही एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी शुरू हो चुकी है। सोचिए, जब अभी इतना झगड़ा है, तो चुनाव के बाद क्या होगा? ये लोग एक-दूसरे की पीठ में छुरा घोंपने से नहीं चूकेंगे।'
पीएम मोदी ने महागठबंधन के साझा संकल्प पत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि यह केवल दिखावे के लिए बनाया गया है। कांग्रेस की मांगों को उसमें जगह तक नहीं दी गई। आरजेडी ने अपने एजेंडे को आगे रखकर गठबंधन को हाईजैक कर लिया। ऐसे दलों पर जनता भरोसा कैसे कर सकती है, जो आपस में ही नहीं टिक पा रहे हैं?
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: आरा डबल मर्डर पर तेजस्वी यादव ने NDA को घेरा, कहा – PM भाषण में 'जंगलराज' का जिक्र करें
Nitish Kumar की तारीफ कर एनडीए के लिए मांगे वोट
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे स्थिरता, विकास और पारदर्शिता के लिए एनडीए को वोट दें। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा, 'नीतीश कुमार और एनडीए की सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है। अब यह चुनाव भ्रम और भ्रष्टाचार की राजनीति बनाम विकास और विश्वास की राजनीति का है।' पीएम ने आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'आरजेडी-कांग्रेस, बिहार की पहचान खत्म करने में जुटी हैं। ये लोग बिहार में घुसपैठियों के समर्थन में यात्राएं कर रहे हैं। ये लोग घुसपैठियों को बचाने के लिए तन-मन से जुटे हैं। '
पीएम ने सिख नरसंहार की भयावह घटना की याद दिलाते हुए कहा कि 1984 में 1-2 नवंबर को कांग्रेस के लोगों ने सिख नरसंहार किया था। आज की कांग्रेस, सिख नरसंहार के गुनहगारों को पूरे सम्मान के साथ आगे बढ़ा रही हैं। कांग्रेस हो या आरजेडी इन्हें अपने पाप का कोई पछतावा नहीं है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: सीएम फेस पर धर्मेंद्र प्रधान की दो टूक, 'नीतीश कुमार ही हमारा चेहरा हैं, कहीं कोई विवाद नहीं'
Bihar Chunav में पीएम मोदी लगातार सक्रिय
बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सक्रिय हो चुके हैं। पीएम आने वाले दिनों में कई अलग-अलग क्षेत्रों में चुनावी रैलियां करने वाले हैं। अपनी चुनावी सभा में वह लगातार आरजेडी और कांग्रेस पर हमलावर हैं। लालू परिवार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी वह तीखे वार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications