Bihar Chunav: बीजेपी का Maithili Thakur पर दांव, एक तीर से महिला-मिथिला और जाति समीकरण साधने की कोशिश?
Bihar Chunav Maithili Thakur: बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के टिकट मिलने और कटने की चर्चा का दौर भी जारी है। इस बार कुछ चर्चित चेहरों को टिकट दिए जाने की अटकलें भी खूब चल रही हैं। पावर स्टार पवन सिंह का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। दूसरी ओर लोक गायिका और चर्चित यूट्यूबर मैथिली ठाकुर के भी चुनाव लड़ने की खबर है। खुद मैथिली ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा है कि वह पीएम मोदी से काफी प्रभावित हैं।
सूत्रों की मानें, तो अलीनगर या बेनीपट्टी विधानसभा सीट में से किसी एक पर युवा यूट्यूबर को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। मैथिली के पक्ष में कई समीकरण जाते हैं। वह मिथिला की बेटी हैं और अपनी सुरीला आवाज में लोकगीत और पारंपरिक भजनों के जरिए देश-विदेश में पहचान बनाई है। वह ब्राह्मण जाति से हैं और अलीनगर या बेनीपट्टी के जातीय समीकरणों के लिहाज से यह अहम फैक्टर है।

Bihar Chunav में बीजेपी का फोकस मिथिला पर
बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने खास तौर पर मिथिला क्षेत्र पर अपना फोकस बनाया है। मैथिली इसी क्षेत्र से आती हैं और अपनी गायकी से उन्होंने अलग पहचान बनाई है। युवाओं और महिलाओं को खास तौर पर बीजेपी अपने मजबूत वोट बैंक के तौर पर जोड़ना चाहती है और इस लिहाज से वह सटीक विकल्प हैं। इस सीट का जातीय समीकरण भी उनके पक्ष में जाता है। अलीनगर विधानसभा सीट का गठन 2008 में हुआ. इससे पहले यह मनीगाछी सीट कहलाती थी। यहां मुसलमान और ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या बराबर है और ब्राह्मणों का भी अच्छा वोट बैंक है।
यह भी पढ़ें: Maithili Thakur Net Worth: करोड़ों की नेटवर्थ, लाखों में है एक शो की फीस! कितनी पढ़ी-लिखी हैं मैथिली ठाकुर?
Maithili Thakur को उतारकर बीजेपी साधेगी जातीय समीकरण
- 2020 में बीजेपी ने यहां यादव उम्मीदवार को खड़ा किया था, तो ज्यादातर यादवों ने उन्हें ही वोट दिया। आरजेडी ने यहां से ब्राह्मण उम्मीदवार को उतारा था और उन्हें अपनी जाति के वोट मिले थे।
- इस इलाके में मुस्लिम बहुल गांव हैं और उनका वोट भी आरजेडी के खाते में जाना तय है। ऐसे हालात में अपने मजबूत वोट बैंक को जोड़े रखने के लिए बीजेपी यहां ब्राह्मण उम्मीदवार ही उतारना चाहती है।
- अगर प्रशांत किशोर यहां से किसी मुस्लिम उम्मीदवार को उतारते हैं, तो इसकी संभावना है कि बीजेपी विरोधी वोटों का बंटवारा हो जाए। इस स्थिति का फायदा लेने के लिए बीजेपी सटीक रणनीति पर चलना चाहती है।
युवा और महिला वोटरों के लिए अहम चाल
⦁ अमित शाह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में महिलाओं और युवाओं के बीच पार्टी का सकारात्मक संदेश पहुंचाने का निर्देश दिया है। इसके लिए नुक्कड़ और चुनावी सभाओं पर जोर देने का निर्देश दिया गया है।
⦁ युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने और महिलाओं का विश्वास जीतने के लिहाज से मैथिली ठाकुर की लोकप्रियता भी पार्टी के काम आ सकती है। हालांकि, टिकटों के ऐलान के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवा गायिका को पार्टी किस सीट से उतारती है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: Maithili Thakur के खिलाफ मिथिला के लोगों ने क्यों खोला मोर्चा, टिकट मिलने से पहले ही बवाल












Click it and Unblock the Notifications