Bihar Chunav 2025: बिहार राजनीति में नया तूफान, कांग्रेस के AI-वीडियो पर BJP और NDA के घटक दलों का तीख़ा हमला
Bihar Chunav AI Video Political Controversy: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल पहले ही गर्म था, लेकिन बुधवार रात बिहार कांग्रेस के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से पोस्ट हुए 36 सेकेंड के एक एआई (AI) जनरेटेड वीडियो ने पूरे देश में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है।
इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलते-जुलते शख्स को दिखाया गया है, जिनके सपने में एक बुजुर्ग महिला आती है। महिला का चेहरा दिवंगत हीराबेन मोदी जैसा प्रतीत होता है। वीडियो में दिखाया गया है कि वह महिला प्रधानमंत्री को उनकी राजनीति को लेकर कड़ी नसीहत देती है। कैप्शन में लिखा गया है, "साहब के सपनों में आईं मां, देखिए रोचक संवाद"।

भाजपा और एनडीए का कांग्रेस पर तीखा हमला
वीडियो सामने आने के कुछ ही घंटों के भीतर भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। रविशंकर प्रसाद, वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद ने कहा, "क्या कांग्रेस इस स्तर तक गिर सकती है? प्रधानमंत्री की दिवंगत मां का मज़ाक उड़ाकर राजनीति की जा रही है। यह बेहद शर्मनाक है।"
केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा, ऐसे लोगों को सिर्फ सामाजिक नहीं बल्कि कानूनी रूप से भी सजा मिलनी चाहिए। राहुल गांधी इतना नीचे गिर गए हैं कि अपनी मां की इज्जत का ख्याल नहीं रखते, दूसरों की मां का सम्मान कहां से करेंगे?
इस पर फ्रॉडिज्म का केस होना चाहिए और जांच होनी चाहिए। गिरिराज सिंह ने यहां तक कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार को लगातार अपमानित करते हैं और फिर वोट मांगने आते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता इस बार करारा जवाब देगी।
कानूनी और सामाजिक कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने न केवल बयानबाज़ी की बल्कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग भी की। पार्टी प्रवक्ताओं का कहना है कि यह मामला केवल राजनीतिक नहीं बल्कि महिलाओं और मातृत्व का अपमान भी है। दिल्ली सहित कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से इस वीडियो की जांच की अपील की है।
कानूनी जानकारों का कहना है कि यदि यह वीडियो किसी मृतक के प्रति मानहानि या धार्मिक भावनाएं भड़काने जैसे कानूनों के दायरे में आता है तो कांग्रेस को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेस की सफाई
बढ़ते विवाद के बीच कांग्रेस ने सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो व्यंग्यात्मक और चुनावी आलोचना के लिए बनाया गया था, किसी का अपमान करने का इरादा नहीं था। सूत्रों के मुताबिक, बिहार कांग्रेस ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है कि यह वीडियो किसने और किस स्तर पर तैयार कर पोस्ट किया। हालांकि, पार्टी के कई नेता इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मामला बता रहे हैं।
एआई तकनीक और चुनावी राजनीति
विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक वीडियो का नहीं बल्कि आने वाले समय में चुनावी राजनीति पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव का संकेत है। तकनीक के आसान इस्तेमाल ने फर्जी और भ्रामक कंटेंट का खतरा बढ़ा दिया है। चुनावी समय में ऐसे वीडियो मतदाताओं को गुमराह कर सकते हैं और समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं।
डिजिटल मीडिया एक्सपर्ट्स के अनुसार, आने वाले दिनों में चुनाव आयोग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे मामलों पर और सख्ती दिखानी होगी ताकि फेक कंटेंट को फैलने से रोका जा सके।
बिहार का सियासी समीकरण
बिहार विधानसभा चुनाव नज़दीक हैं। ऐसे में इस विवाद के राजनीतिक असर को नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता। भाजपा और एनडीए इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर कांग्रेस को घेरने की रणनीति बना रहे हैं। वहीं, कांग्रेस इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में रखकर बचाव करेगी।
ग्रामीण इलाकों में जहां भावनाएं ज्यादा असर डालती हैं, वहां यह मुद्दा कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकता है। शहरी और युवा मतदाताओं में इसे टेक्नोलॉजी और व्यंग्य की दृष्टि से देखा जा सकता है, लेकिन विवाद का असर चुनावी गणित पर जरूर पड़ेगा।
राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां से जुड़ा यह AI वीडियो विवाद अब सिर्फ़ सोशल मीडिया बहस नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा मुद्दा बन चुका है। इस मुद्दे से साफ हो चुका है कि आने वाले चुनावों में एआई जैसी नई तकनीकें राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल हो सकती हैं। सवाल यह भी उठता है कि क्या राजनीतिक लाभ के लिए मर्यादा और संवेदनशीलता को ताक पर रख दिया जाएगा।
बिहार की सियासत पहले ही तेज़ थी, अब इस वीडियो विवाद ने चुनावी जंग को और ज्यादा गर्म कर दिया है। भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने साफ कर दिया है कि वे इस मुद्दे को बड़े पैमाने पर उठाएंगे। अब देखने वाली बात होगी कि कांग्रेस इस विवाद से कैसे निपटती है और मतदाता किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications