शादी समारोह में 50 से ज़्यादा लोगों ने खाई दावत, अचानक बिगड़ने लगी तबीयत, 10 की हालत गंभीर
Bhojpur News: बिहार के भोजपुर ज़िले से 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ने की ख़बर सामने आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक इटवा गांव (भोजपुर) में 26 फरवरी की रात में शादी समारोह में शामिल होने कई लोग पहुंचे थे।
दावत खाने के बाद अचानक लोगों को पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। बीमारों में बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएं शामिल है। बीमार लोगों को शाहपुर रेफरल हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

सदर अस्पताल में 10 लोगों को भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत ज्यादा नाजुक है। परिजनों की मानें तो रिश्तेदार अमित के यहां शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। अमित की बहन की शादी में सोमवारो को हलवाई ने खाना बनाया था, उसे ही खाने के बाद लोग बीमार पड़ गए।
खाना खाने के बाद पहले तो कुछ लोगों ने पेट में दर्द की शिकायत की, लगा कि बदहज़मी की वजह से हुआ होगा। धीरे-धीरे बीमारों की तादाद बढ़ने लगी, इसके बाद आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए सभी को शाहपुर रेफरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
10 लोगों की हालत ज्यादा ख़राब हो रही थी, इसलिए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। वहीं दूसरे लोगों का इलाज शाहपुर अस्पताल में कराया गया। फूड प्वॉइज़निंग की वजह से लोगों की तबीयत ख़राब होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों की मानें तो इटवा गांव के रहने वाले बंसिधर सिंह की बेटी अंजली की शादी मझौवा गांव (टाउन थाना इलाका) के रहने वाले अरुण कुमार सिंह के बेटे प्रकाश कुमार से तय की गई थी। 24 फरवरी को ही तिलक समारोह हुआ। 27 फरवरी (मंगलवार) को शादी होनी थी।












Click it and Unblock the Notifications