Bhagalpur News: व्यक्ति की संदिग्ध मौत, मौक़े पर पहुंची पुलिस को गुमराह कर रहे थे परिजन
Crime News Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जहां अंसारी गैंग के सरगना टिंकू (वलीउल्लाह अंसारी) की संदिग्ध मौत हो गई। तातारपुर थाना क्षेत्र बरईचक मोहल्ला (आसानंदपुर) में हुई घटना से पुलिस भी हैरान है।
संदिग्ध मौत मामले की सूचना मिलने पर तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतक के परिजनों ने शव को मौका ए वारदात से हटा कर दूसरी जगह रख दिया था। पुलिस मामले की जांच करते हुए पूछताछ कर रही थी।

पुलिस ने जांच के क्रम में मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की, उन्होंने हार्ट अटैक से मौत की वजह बताई। मामला उस वक्त संदिग्ध हो गया जब पुलिस ने पुलिस ने शव की जांच में पाया कि मृतक के गले में फंदे का निशान है।
फंदे का निशान मिलने पर परिजनों ने पुलिस को दिया बयान बदलते हुए फंदे से लटक कर खुदकुशी की बात कही। इससे पुलिस भी संशय में पड़ गई कि ये हत्या है, या आत्महत्या। वहीं ग्रामीणों की मानें तो टिंकू पर 23 सितंबर 2023 को गोली चली थी।
गोली चलने के बाद से ही वह अपने घर में ही पड़ा रहता था, पहले थोड़ा बहुत व्यवसाय करता था, लेकिन वह भी ठप हो गया था। इसलिए ज्यादा वक़्त घर पर ही गुज़ारता था। परिवार में संपत्ति बंटवारे को लेकर भी विवाद था। इसके साथ ही पत्नी से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे।
ग्रामीणों के बयान के बाद पुलिस ने एफएसएल टीम से जांच करवाई, फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान से पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। परिजनों का बयान पुलिस को गुमराह करने वाला था, क्योंकि उन्होंने एक ही घटना पर दो अलग बयान दिए थे।

इस्तेखार खान (प्रभारी थाना अध्यक्ष, तातारपुर) ने कहा कि इस पूरे मामले में मृतक की पत्नी की शुकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में अजय कुमार चौधरी( सिटी डीएसपी, भागलपुर) ने कहा कि तातारपुर पुलिस और एफएसएल की टीम द्वारा मामले की जांच की गई है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह पता लग पाएगी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications