Begusarai News: घर में सोए थे लोग, अचानक शॉर्ट सर्किट से लगी आग, जल गया पूरा परिवार
Begusarai News: बिहार के बेगूसराय ज़िले से नये साल के पहले दिन दिल दहला देने वाली ख़बर सामने आई है, जहां घर में आग लगने की वजह से एक परिवार ज़िंदा जल गया। जिसमें पति, पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी।
बेगूसराय के नवटोलिया गांव (अरवा पंचायत, बछवाड़ा थाना क्षेत्र) में सोमवार की रात करीब साढ़े 9 बजे के क़रीब यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की मानें तो खाना खाकर पूरा परिवार सोने गया था। फूस के घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, जिसमें पूरे परिवार के लोग ज़िंदा जल गए।

अरवा नया टोला वार्ड 9 के रहने वाले राम कुमार पासवान के 32 वर्षीय बेटे नीरज पासवान, 30 वर्षीय पत्नी कविता देवी, 5 वर्षीय पुत्र लव और 3 वर्षीय पुत्र कुश की आग में जलने से मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सभी लोग खाना खाकर सोने गए थे, सोने के कुछ ही देरा बाद शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों की मानें तो कविता देवा 8 महीने की गर्भवती थी। नीरज पासवान गांव में मज़दूरी कर परिवार का गुज़ारा करता था।
आग की चपेट में पहले बच्चे आए, उन्हें बचाने के लिए मां-बाप भी आग में झुलस गए और फिर पूरा परिवार तबाह हो गया। ग्रामीणों ने कहा कि नया साल खुशियों का संदेश लेकर आता है, लेकिन पासवान परिवार के लिए नया साल शोक संदेश लेकर आया।
आग लगी की घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि होनी को तो कोई टाल नहीं सकता, लेकिन भगवान इस तरह का दुख किसी को नहीं दे कि एक साथ पूरा परिवार ही तबाह हो जाए।












Click it and Unblock the Notifications