बेगूसरायः कांग्रेस विधायक रामदेव राय का निधन, कर्पूरी ठाकुर को लोकसभा चुनाव में दी थी मात
बेगूसराय। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बेगूसराय के बछवाड़ा से कैंसर पीड़ित विधायक रामदेव राय का निधन हो गया है। बता दें कि पिछले कई महीनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। बीते सोमवार की रात को ही उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी। जिसके बाद उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल एवं बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने गहरा शोक व्यक्त किया।

अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं विधायक रामदेव राय के निधन से बिहार कांग्रेस में शोक की लहर फैल गई है। कांग्रेस के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। इसके अलावा राजद नेता तेजस्वी यादव, विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी सहित कई नेताओं ने रामदेव राय को श्रद्धांजलि दी है।
रामदेव राय 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में जीतकर छठी बार विधायक बने थे। उन्होंने 13 वर्ष की उम्र से ही छात्र नेता के रूप में सामाजिक कार्य शुरू कर दिया था। 29 साल की उम्र में 1972 में पहली बार बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। 1973 में उन्हें मंत्री बनाया गया था। वह बछवाड़ा विधानसभा सीट से दूसरी बार 1977 में चुनाव जीते। 1980 के चुनाव में बछवाड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीतकर मिसाल कायम की थी।
रामदेव 1984 में लोकसभा चुनाव में समस्तीपुर से पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे और जीत हासिल कर लोकसभा पहुंचे। फरवरी 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर बछवाड़ा विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीता। अक्टूबर 2005 में हुए चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत कर बिहार विधानसभा पहुंचे थे।












Click it and Unblock the Notifications